डॉ. अरुण कुमार सिंह ने पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह से की शिष्टाचार भेंट, शहर की सुरक्षा पर संवाद

  • Post By Admin on Apr 08 2026
डॉ. अरुण कुमार सिंह ने पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह से की शिष्टाचार भेंट, शहर की सुरक्षा पर संवाद

बेंगलुरु : जब किसी शहर की सुरक्षा और व्यवस्था की बागडोर एक सशक्त और दूरदर्शी अधिकारी के हाथों में होती है, तो आम जनता के मन में विश्वास और सुरक्षा की भावना स्वतः ही मजबूत हो जाती है। बेंगलुरु शहर में भी ऐसा ही भरोसा तब और गहरा हुआ जब वर्ष 1996 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी सीमांत कुमार सिंह ने जून 2025 में पुलिस आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाला। अपने कर्तव्यनिष्ठ और सख्त प्रशासनिक निर्णयों के कारण उन्होंने कम समय में ही कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं।

पदभार संभालते ही उन्होंने चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ की घटना की तत्काल समीक्षा की और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए इवेंट प्रबंधन कंपनी के पदाधिकारियों सहित आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराई। अपने पहले संवाद में उन्होंने स्पष्ट कहा कि बुनियादी पुलिसिंग को मजबूत करना और आम नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता देना उनकी कार्यशैली का प्रमुख आधार रहेगा। इसके लिए उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर थाना स्तर पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया।

कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में भी सीमांत कुमार सिंह ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। उस समय पुलिस महानिरीक्षक के रूप में उन्होंने पूरे कर्नाटक में एक लाख से अधिक प्रवासी श्रमिकों के लिए भोजन, राशन और परिवहन की व्यवस्था कराई। वहीं कोविड की दूसरी लहर के दौरान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में रहते हुए राज्य के 30 जिलों के ग्रामीण अस्पतालों को 155 से अधिक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराए।

उन्होंने मैंगलोर के पुलिस आयुक्त तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो एवं कर्नाटक राज्य रिजर्व पुलिस) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दी हैं। उत्कृष्ट सेवा के लिए वर्ष 2014 में उन्हें राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

पुलिस आयुक्त के रूप में सीमांत कुमार सिंह ने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शहर में गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया है। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित निगरानी प्रणाली और अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना भी लागू की जा रही है।

इसी क्रम में बेंगलुरु के प्रख्यात होमियोपैथिक चिकित्सक एवं क्रॉनिक डिजीज तथा किडनी डिजीज विशेषज्ञ डॉ. अरुण कुमार सिंह ने पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर डॉ. अरुण कुमार सिंह ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे उनके प्रयासों की सराहना की।

बेंगलुरु शहर में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत करने में सीमांत कुमार सिंह को एक ईमानदार, साहसी और कुशल प्रशासक के रूप में देखा जा रहा है। उनके नेतृत्व में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा जनोन्मुखी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।