डीके शिवकुमार के हाथों में कर्नाटक की कमान, आज होगा शपथ ग्रहण
- Post By Admin on Jun 03 2026
बेंगलुरु : कर्नाटक की राजनीति में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह शाम चार बजे आयोजित होने वाला है। इससे पहले उन्होंने अपने आवास के बाहर जुटे समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया और उनके समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की खबर से उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है। बुधवार सुबह से ही बड़ी संख्या में समर्थक उनके बेंगलुरु स्थित आवास के बाहर एकत्रित होकर उनके समर्थन में नारेबाजी करते रहे। शिवकुमार ने बाहर आकर समर्थकों का अभिवादन किया और हाथ जोड़कर उनका धन्यवाद किया। कांग्रेस के भीतर डीके शिवकुमार को एक प्रभावशाली संगठनकर्ता और रणनीतिक नेता माना जाता है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका बताई जाती है। पार्टी के भीतर उनके नेतृत्व को लेकर लंबे समय से चर्चा होती रही है।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता बेंगलुरु पहुंच चुके हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सोच-समझकर निर्णय लेती है। उन्होंने विश्वास जताया कि डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया मिलकर पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे। कांग्रेस नेता जी. परमेश्वर भी डीके शिवकुमार के आवास पहुंचे। वहीं केरल से कांग्रेस सांसद एंटो एंटनी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए बेंगलुरु पहुंच गए हैं।शपथ ग्रहण को लेकर राजधानी बेंगलुरु में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच नए नेतृत्व को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। अब सभी की नजरें बुधवार शाम होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं।