किडनी की सेहत को न करें नजरअंदाज, नियमित जांच बेहद जरूरी — डॉ. अरुण कुमार सिंह
- Post By Admin on Mar 12 2026
बेंगलुरु : डॉ. अरुण कुमार सिंह (होमियोपैथिक चिकित्सक एवं क्रॉनिक डिजीज व किडनी स्टोन विशेषज्ञ) ने विश्व किडनी दिवस के अवसर पर देशवासियों को किडनी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किडनी से जुड़ी बीमारियों से बचाव के लिए नियमित जांच, संतुलित जीवनशैली और समय पर उपचार अत्यंत आवश्यक है।
डॉ. सिंह ने बताया कि विश्व किडनी दिवस पहली बार वर्ष 2006 में इंटरनेशनल सोसाइटी ऑफ नेफ्रोलॉजी (आईएसएन) और इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ किडनी फाउंडेशन (आईएफकेएफ) की संयुक्त पहल से मनाया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य किडनी के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और किडनी रोगों की रोकथाम के लिए लोगों को प्रेरित करना है। यह दिवस हर वर्ष मार्च के दूसरे गुरुवार को मनाया जाता है, जिससे शुरुआती जांच, उपचार और जीवनशैली में बदलाव के महत्व पर वैश्विक स्तर पर ध्यान आकर्षित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि किडनी रोग के मामले विश्वभर में तेजी से बढ़ रहे हैं और कई मरीजों को समय पर इसका पता नहीं चल पाता। इसलिए लोगों को नियमित रूप से किडनी की जांच करानी चाहिए और चिकित्सक की सलाह के अनुसार दवाओं का सेवन करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मरीजों को किसी भी प्रकार का उपचार हमेशा योग्य चिकित्सक के परामर्श से ही कराना चाहिए तथा डॉक्टर पर भरोसा रखना चाहिए।
डॉ. सिंह ने बताया कि किडनी रोग के प्रमुख जोखिम कारकों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह और पारिवारिक इतिहास शामिल हैं। ऐसे लोगों को नियमित रक्त एवं मूत्र जांच कराते रहना चाहिए, ताकि बीमारी का शुरुआती चरण में ही पता चल सके और गंभीर जटिलताओं से बचा जा सके। उन्होंने लोगों को मधुमेह और उच्च रक्तचाप को नियंत्रित रखने, दर्द निवारक दवाओं का सीमित उपयोग करने, सक्रिय जीवनशैली अपनाने तथा नमक का सेवन कम करने की सलाह दी।
उन्होंने चेतावनी दी कि कई बार किडनी की बीमारी के लक्षण देर से दिखाई देते हैं और तब तक किडनी लगभग 80 प्रतिशत तक प्रभावित हो सकती है। इसलिए नियमित स्वास्थ्य जांच और सावधानी ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।
विश्व किडनी दिवस के अवसर पर डॉ. अरुण कुमार सिंह ने सभी देशवासियों के स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए किडनी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।