कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन तय, 3 जून को डीके शिवकुमार संभाल सकते हैं कमान
- Post By Admin on May 30 2026
बेंगलुरु : कर्नाटक की राजनीति में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार 3 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। उनके साथ करीब 10 मंत्रियों के भी शपथ लेने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद 18 जून के पश्चात मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।
जानकारी के मुताबिक, राज्यसभा चुनाव के बाद कर्नाटक मंत्रिमंडल के पुनर्गठन और विस्तार पर निर्णय लिया जा सकता है। इसी बीच कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की प्रस्तावित बैठक को लेकर राजनीतिक हलकों में गतिविधियां बढ़ गई हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद नेतृत्व परिवर्तन को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है। पार्टी सूत्रों का दावा है कि डीके शिवकुमार की संभावित कैबिनेट में लगभग 50 प्रतिशत नए चेहरों को मौका मिल सकता है। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला के भी सीएलपी बैठक में शामिल होने की संभावना है। कर्नाटक विधान परिषद में कांग्रेस के मुख्य सचेतक सलीम अहमद ने कहा है कि मंत्रिमंडल गठन, क्षेत्रीय और सामाजिक प्रतिनिधित्व तथा संभावित उपमुख्यमंत्रियों की नियुक्ति से जुड़े अंतिम निर्णय कांग्रेस आलाकमान द्वारा लिए जाएंगे। उन्होंने संकेत दिया कि सीएलपी बैठक के बाद महत्वपूर्ण राजनीतिक घोषणाएं हो सकती हैं।
इस बीच मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने कांग्रेस नेतृत्व के निर्देश के बाद अपना इस्तीफा सौंप दिया है। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। हालांकि मुख्यमंत्री पद पर बदलाव और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी सीएलपी बैठक और कांग्रेस आलाकमान का फैसला कर्नाटक की राजनीति की दिशा तय करेगा। फिलहाल राज्य की सियासत में डीके शिवकुमार के संभावित मुख्यमंत्री बनने और मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं।