बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जिला पदाधिकारी ने किया दौरा, राहत कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश
- Post By Admin on Aug 11 2025

लखीसराय : जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने रविवार को जिला आपदा प्रबंधन टीम और SDRF के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित एवं संभावित प्रभावित क्षेत्रों का विस्तार से दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से बड़हिया और पिपरिया के दियारा क्षेत्र, जैसे जैतपुर, खुटहा पश्चिमी, मालपुर, डीह पिपरिया, कनहरपुर, पथुआ, बसौना और सूर्यगढ़ा का निरीक्षण कर बाढ़ की गंभीरता और प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं का जायजा लिया।
जिला पदाधिकारी ने बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों से मिलकर उनकी कठिनाइयां सुनीं और प्रशासन की तत्परता के बारे में अवगत कराया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि राहत कार्यों को प्राथमिकता देते हुए त्वरित एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं। वर्तमान में गंगा नदी के जलस्तर में कमी की संभावना के कारण घरों में बाढ़ का पानी नहीं पहुंचा है, लेकिन पशुओं के लिए सुखा चारा और पॉलिथीन शीट का वितरण जारी है। पिपरिया प्रखंड में सामुदायिक भोजनालय हेतु 15 दिनों का सुखा राशन भी जमा किया गया है।
श्री मिश्र ने बताया कि बाढ़ से बचाव के लिए सैंड बैग डालना और सड़क मरम्मत जैसे कार्य प्राथमिकता पर किए जाएंगे। जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
सोमवार को जिला पदाधिकारी हरोहर नदी से प्रभावित क्षेत्रों जैसे अमहारा और साबीकपुर का दौरा किया। इस निरीक्षण में जिला आपदा प्रबंधन प्रभारी शशि कुमार, अंचलाधिकारी बड़हिया, अंचलाधिकारी पिपरिया और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।