लखीसराय संग्रहालय पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, दुर्लभ मूर्तियों और व्यवस्था की सराहना की

  • Post By Admin on Aug 09 2026
लखीसराय संग्रहालय पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, दुर्लभ मूर्तियों और व्यवस्था की सराहना की

लखीसराय : बिहार के उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने रविवार को लखीसराय स्थित संग्रहालय का भ्रमण कर वहां संरक्षित प्राचीन एवं ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संग्रहालय की व्यवस्था की सराहना करते हुए इसके समग्र विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। संग्रहालय प्रांगण में पहुंचने पर जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने उप मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।

भ्रमण के दौरान सहायक संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार ने संग्रहालय में संरक्षित दुर्लभ एवं प्राचीन मूर्तियों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक महत्व के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संग्रहालय में सुरक्षित विभिन्न प्रतिमाओं और धरोहरों की विशेषताओं से भी उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

अवलोकन के बाद उप मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि संग्रहालय के विकास, संरक्षण और पर्यटक सुविधाओं के विस्तार के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र सरकार को भेजी जाए। उन्होंने अपने साथ मौजूद अधिकारियों से कहा कि इस संबंध में प्राप्त होने वाले प्रस्तावों पर त्वरित निर्णय सुनिश्चित किया जाए। भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने संग्रहालय में संरक्षित दुर्लभ मूर्तियों के आकर्षक प्रदर्शन और उत्कृष्ट रखरखाव की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा इसे जिले की महत्वपूर्ण सांस्कृतिक धरोहर बताया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन के अनुसार संग्रहालय के विकास से लखीसराय की ऐतिहासिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी और पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।