उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने की वाणिज्य-कर विभाग की समीक्षा, कर राजस्व बढ़ाने और कर चोरी रोकने के दिए निर्देश

  • Post By Admin on Aug 09 2026
उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने की वाणिज्य-कर विभाग की समीक्षा, कर राजस्व बढ़ाने और कर चोरी रोकने के दिए निर्देश

लखीसराय : बिहार के उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में रविवार को लखीसराय अतिथि गृह में वाणिज्य-कर विभाग, भागलपुर प्रमंडल की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर राजस्व संग्रह, कर अनुपालन और राजस्व वृद्धि से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपमुख्यमंत्री दोपहर लगभग 12:10 बजे लखीसराय अतिथि गृह पहुंचे, जहां जिला प्रशासन और वाणिज्य-कर विभाग के अधिकारियों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, राज्य-कर अपर आयुक्त भागलपुर प्रमंडल तथा राज्य-कर संयुक्त आयुक्त लखीसराय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में भागलपुर प्रमंडल के विभिन्न अंचलों के संयुक्त आयुक्तों और संबंधित पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कर संग्रह की स्थिति, कर अनुपालन को मजबूत करने तथा राजस्व में निरंतर वृद्धि (टैक्स बॉयेंसी) सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी उपमुख्यमंत्री को दी।

समीक्षा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कर राजस्व संग्रह बढ़ाने के लिए समन्वित और सतत प्रयास करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से कर चोरी का पता लगाने, अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने तथा प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए कर राजस्व की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए कर संग्रह की प्रक्रिया को पारदर्शी, प्रभावी और तकनीक आधारित बनाया जाना चाहिए। साथ ही करदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने और अनुपालन व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

बैठक में भागलपुर अंचल-1, भागलपुर अंचल-2, मुंगेर अंचल और जमुई अंचल के संयुक्त आयुक्तों सहित वाणिज्य-कर विभाग, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। राज्य-कर विभाग के अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि प्रमंडल में राजस्व वृद्धि, कर अनुपालन को सुदृढ़ करने और टैक्स बॉयेंसी बढ़ाने के लिए विभिन्न विशेष अभियान और निगरानी उपाय लगातार चलाए जा रहे हैं। बैठक को भागलपुर प्रमंडल में कर प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने और राजस्व संग्रह को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।