धीरा पंचायत में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा का जनकल्याण संवाद, विकास योजनाओं की दी जानकारी

  • Post By Admin on Aug 23 2025
धीरा पंचायत में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा का जनकल्याण संवाद, विकास योजनाओं की दी जानकारी

लखीसराय : हलसी प्रखंड के ग्राम पंचायत धीरा (वार्ड संख्या 2) में शनिवार को बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री एवं लखीसराय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने विधानसभा क्षेत्र भ्रमण के क्रम में ग्रामीणों के साथ जनकल्याण संवाद कार्यक्रम किया।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने ग्रामवासियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार की प्राथमिकता हर गाँव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि हलसी प्रखंड में पथ निर्माण विभाग की कई योजनाएँ चल रही हैं। किसानों को लाभ पहुँचाने के लिए कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। किऊल नदी पर एक पैदल पुल और एक वाहनों हेतु पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। साथ ही, बड़हिया में मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जा रहा है, जो काँवरिया पथ से जुड़कर श्रद्धालुओं की अशोकधाम तक की यात्रा को आसान बनाएगा।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अब लखीसराय को ANM कॉलेज, GNM कॉलेज, पैरामेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और मेडिकल कॉलेज की सौगात मिली है। यह जिले के लिए गौरव की बात है और आने वाली पीढ़ियों को बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करेगा।

विजय सिन्हा ने स्पष्ट कहा— "लखीसराय का हर गाँव विकास की मुख्यधारा से जुड़े, यही मेरा सतत प्रयास और सर्वोच्च प्राथमिकता है। एनडीए सरकार के साथ मिलकर लखीसराय को विकास के नए मुकाम तक ले जाना मेरा संकल्प है।"

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, जिला महामंत्री सनोज साहू, स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।