आर. लाल कॉलेज में भ्रष्टाचार का मुद्दा गरमाया, एबीवीपी ने उपमुख्यमंत्री पर लगाए गंभीर आरोप
- Post By Admin on Aug 23 2025

लखीसराय : आर. लाल कॉलेज में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने बड़ा हमला बोला है। शनिवार को नया बाजार समिति स्थित एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में एबीवीपी के जिला संयोजक मनीष यदुवंशी ने कॉलेज प्रशासन और प्रबंधन समिति पर गंभीर आरोप लगाए।
मनीष ने दावा किया कि महाविद्यालय में लंबे समय से अवैध वसूली की परंपरा चल रही है और इसके पीछे सीधे तौर पर स्थानीय विधायक एवं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जो कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भी हैं, शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन उनकी आवाज दबाने के लिए छात्र नेताओं पर दमनात्मक कार्रवाई कर रहा है।
छात्र नेता ने कहा कि प्रबंधन ने उनके कॉलेज परिसर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी कर दिया है और उनके खिलाफ जानलेवा साजिश तक रची जा रही है। उन्होंने खुलासा किया कि नामांकन के नाम पर 800 रुपये, परीक्षा शुल्क के नाम पर 100 रुपये अतिरिक्त, एडमिट कार्ड के लिए 50 से 100 रुपये और अन्य शैक्षणिक कार्यों के लिए अलग से पैसे वसूले जाते हैं। इतना ही नहीं, इन अवैध वसूली पर बाकायदा रसीद भी दी जाती है।
मनीष का कहना था कि यह पूरी व्यवस्था गरीब और मध्यमवर्गीय छात्रों का शोषण करने के लिए बनाई गई है, जबकि नियमों के मुताबिक विश्वविद्यालय से संबद्ध किसी भी छात्र को ऑफलाइन शुल्क जमा करने का प्रावधान नहीं है। सभी फीस केवल विश्वविद्यालय पोर्टल पर ऑनलाइन ली जानी चाहिए।
प्रेस वार्ता में प्रदेश सह मंत्री आयुषी गुप्ता और राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद सदस्य विक्की आनंद भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि आर. लाल कॉलेज का भ्रष्टाचार अब पूरे बिहार में चर्चा का विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अवैध वसूली बंद नहीं की गई और तानाशाही आदेश वापस नहीं लिए गए तो एबीवीपी राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ेगा।
नेताओं ने यह भी कहा कि कॉलेज में पढ़ने वाले अधिकांश छात्र गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं, ऐसे में उनसे अतिरिक्त पैसों की मांग करना न केवल अनुचित है बल्कि शिक्षा के अधिकार का भी हनन है। एबीवीपी ने मांग की कि कॉलेज में पारदर्शिता लाई जाए, अवैध वसूली तत्काल रोकी जाए और छात्रों को भयमुक्त माहौल में पढ़ाई का अधिकार मिले।