21 दिवसीय ‘चक धूम धूम’ समर कैम्प का रंगारंग समापन, 35 विधाओं में बच्चों ने दिखाया हुनर

  • Post By Admin on Jun 22 2026
21 दिवसीय ‘चक धूम धूम’ समर कैम्प का रंगारंग समापन, 35 विधाओं में बच्चों ने दिखाया हुनर

मुजफ्फरपुर: जिला स्कूल सभागार में सोमवार को ‘चक धूम धूम’ समर कैम्प का समापन समारोह रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच धूमधाम से आयोजित किया गया। 21 दिनों तक चले इस नि:शुल्क समर कैम्प में बच्चों ने कला, संस्कृति, विज्ञान एवं खेल की 35 विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया और समापन समारोह में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान) सुजीत कुमार दास, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन) अमित कुमार, स्थापना शाखा के इंद्र कुमार कर्ण, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुष्मिता झा, जिला स्कूल के प्राचार्य जीबू झा तथा डायट रामबाग की प्राचार्या अनामिका कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि किलकारी बच्चों की प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सृजनात्मकता को नया आयाम देने के लिए नियमित रूप से विभिन्न कला विधाओं का प्रशिक्षण आयोजित किया जाता है।

प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी ने बताया कि समर कैम्प में विषय विशेषज्ञों द्वारा 35 प्रकार की कलाओं का प्रशिक्षण दिया गया। इनमें बांधनी कला, टेक्सटाइल पेंटिंग, सुजनी आर्ट, मंडाला पेंटिंग, स्केटिंग, फोटोग्राफी, कथक, तबला वादन, वॉलीबॉल, सॉफ्टबॉल, मास्क मेकिंग, सृजनात्मक लेखन, मूर्तिकला, ग़ज़ल, पोर्ट्रेट पेंटिंग, गरबा, नाटक, पीपल के पत्ते पर चित्रकारी, गीता पाठ एवं बैडमिंटन सहित कई विधाएं शामिल रहीं। सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी रश्मि आनंद ने बताया कि 8 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने इस नि:शुल्क समर कैम्प में भाग लिया। उन्होंने कहा कि बिहार बाल भवन ‘किलकारी’ शिक्षा विभाग, बिहार सरकार की संस्था है, जो बच्चों के सर्वांगीण एवं सृजनात्मक विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

समापन समारोह में बच्चों ने भरतनाट्यम, कथक, गरबा, शास्त्रीय गायन, भजन, लोकगीत, ग़ज़ल, बीटबॉक्सिंग, कराटे, नाटक, राधा-कृष्ण भाव नृत्य, छठ महापर्व पर आधारित नृत्य-नाटिका तथा ‘तोते की शिक्षा’ की नाट्य प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। साथ ही मिथिला चित्रकला की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे लोगों ने काफी सराहा। कार्यक्रम में चित्रांश खेल एवं संस्कृति संस्थान के राजीव, गोपाल फलक सहित बिहार बाल भवन ‘किलकारी’ के प्रशिक्षक कायनात आफरीन, सीमा कुमारी, गौरीशंकर मिश्रा, अरुणिमा, अमन राज, सोनू कुमार, सौरभ कुमार, सुजाता कुमारी, रूपा पाठक, राजू सहनी, आशीष राज, बब्लू कुमार, राजीव कुमार, अर्पिता कुमारी, कृष्णनंदन कुमार एवं प्रियंका चौधरी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

समारोह का मंच संचालन समर कैम्प में प्रशिक्षित बच्चों की टीम श्रेया, वाणी, शुभम, आनन्या, आदित्य, स्तुति, मयंक, स्वधा, नंदनी, सादिया, फिरजा एवं कर्ण ने किया। मंच निर्देशन इंद्रजीत कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्णिमा बाला, सीआरपी कमिश्नरी रिसोर्स पर्सन ने किया।