लखीसराय में बिहार दिवस समारोह का भव्य आगाज, उपमुख्यमंत्री ने किया दीप प्रज्ज्वलन

  • Post By Admin on Mar 22 2025
लखीसराय में बिहार दिवस समारोह का भव्य आगाज, उपमुख्यमंत्री ने किया दीप प्रज्ज्वलन

लखीसराय: जिले में तीन दिवसीय बिहार दिवस 2025 समारोह की शुरुआत शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। कार्यक्रम की शुरुआत ‘नशा मुक्त बिहार’ और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक संदेशों के साथ प्रभात फेरी से हुई। विभिन्न स्कूलों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं सुबह लखीसराय समाहरणालय से लाली पहाड़ी तक निकले और पूरे रास्ते जनजागरूकता का संदेश दिया।

मुख्य समारोह का शुभारंभ के. आर. के. मैदान में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस वर्ष बिहार दिवस की थीम ‘उन्नत बिहार - विकसित बिहार’ निर्धारित की गई है। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि बिहार की गौरवशाली विरासत और विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने लखीसराय की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए ‘लखीसराय गीत’ के ऑडियो-वीडियो एलबम का विमोचन भी किया।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बिहार की प्रगति पर जोर देते हुए कहा कि आज प्रदेश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बिहार दिवस के मौके पर लगाए गए 40 विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। इन स्टॉलों में कृषि मेला, विज्ञान प्रदर्शनी और सरकार की विभिन्न योजनाओं को दर्शाया गया था। उपमुख्यमंत्री ने भूमिहीन लाभुकों के बीच भूमि पर्चा भी वितरित किया।

दिन भर चले कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। गायन, ताइक्वांडो, कराटे, रंगोली और मूर्ति कला जैसी प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और दर्शकों का मन मोह लिया। इसी तरह सूर्यग्रहा प्रखंड में भी प्रभात फेरी, रंगोली, खो-खो, पेंटिंग और कविता लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों ने भी हिस्सा लिया।

शाम को रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पहले दिन के कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

आगामी दो दिनों में साइकिल चेतना रैली, हेरिटेज वॉक, बच्चों की प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें जिले भर के लोग भाग लेंगे। इस मौके पर अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार, वरीय उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, भूमि सुधार उप समाहर्ता सीतु शर्मा, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, विशेष कार्य पदाधिकारी ओमप्रकाश सिंह, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, डीआरडीए निदेशक नीरज कुमार समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।लखीसराय में बिहार दिवस समारोह का यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का माध्यम बना, बल्कि जिले की नई पीढ़ी में जागरूकता और गर्व की भावना भी भरने में सफल रहा।