AIDSO ने भगत सिंह की जयंती पर दी श्रद्धांजलि, छात्र आंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान

  • Post By Admin on Sep 28 2026
AIDSO ने भगत सिंह की जयंती पर दी श्रद्धांजलि, छात्र आंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान

मुजफ्फरपुर : शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की ओर से एल.एस. कॉलेज परिसर में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भगत सिंह के जीवन, उनके संघर्ष और विचारों को याद करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम का संचालन AIDSO एल.एस. कॉलेज इंचार्ज अभिषेक कुमार ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए AIDSO जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने कहा कि भगत सिंह का जीवन केवल स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास का हिस्सा नहीं है, बल्कि उनके विचार आज भी युवाओं को अन्याय और सामाजिक समस्याओं के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने अपने संघर्ष के माध्यम से यह स्पष्ट किया था कि किसी भी परिवर्तन की बुनियाद मजबूत विचारों और व्यापक जनभागीदारी पर होती है।

शिव कुमार ने भगत सिंह के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने क्रांति को केवल हथियारों या हिंसक कार्रवाई से जोड़कर नहीं देखा था। उनके अनुसार वास्तविक परिवर्तन के लिए विचारों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। ऐसे में भगत सिंह को केवल जयंती और शहादत दिवस पर याद करने के बजाय उनके विचारों और संघर्ष की वैज्ञानिक समझ विकसित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह का “इंकलाब जिंदाबाद” का विचार केवल सत्ता परिवर्तन तक सीमित नहीं था। वे ऐसे समाज की कल्पना करते थे जहां शोषण और अन्याय का स्थान न हो तथा एक व्यक्ति द्वारा दूसरे व्यक्ति के शोषण की स्थिति समाप्त हो। उन्होंने अपने विचारों में समाजवादी व्यवस्था को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया था।

AIDSO जिला अध्यक्ष ने कहा कि आजादी के 79 वर्ष बाद भी समाज में आर्थिक और सामाजिक असमानता के साथ कई जनसमस्याएं मौजूद हैं। ऐसे समय में भगत सिंह के विचारों और उनके संघर्ष की प्रासंगिकता को समझना जरूरी है। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा, संस्कृति और समाज से जुड़े सवालों पर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भगत सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब युवा उनके संघर्ष और विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में मौजूद शोषण, अन्याय और असमानता के खिलाफ संगठित प्रयास करें। उन्होंने छात्र-छात्राओं से शिक्षा और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में एडवोकेट ललित कुमार झा, अली अख्तर, तानिया कुमारी, नितेश कुमार, मुनचुन कुमार, आरफजिया, प्रिंस कुमार, अंकित कुमार, शाहिद और सचिन कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने भगत सिंह के जीवन और उनके विचारों को याद करते हुए उनके संघर्ष से प्रेरणा लेने का संकल्प व्यक्त किया।