बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए JioShield लॉन्च, लोकेशन से SOS तक मिलेगी सुविधा

  • Post By Admin on Sep 28 2026
बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए JioShield लॉन्च, लोकेशन से SOS तक मिलेगी सुविधा

मुंबई : परिवार के बच्चों और बुजुर्ग सदस्यों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जियो ने 'JioShield' सेवा पेश की है। इसके जरिए परिवार के सदस्य बाहर रहने के दौरान उनकी लोकेशन की जानकारी रखने के साथ जरूरत पड़ने पर सुरक्षा अलर्ट भी प्राप्त कर सकेंगे। सेवा में लोकेशन ट्रैकिंग और SOS के अलावा बच्चों के स्क्रीन टाइम, ऐप तथा कॉन्टैक्ट कंट्रोल जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।

JioShield की मदद से माता-पिता अपने बच्चों की लोकेशन अपने फोन पर देख सकते हैं। फोन की बैटरी कम होने की स्थिति में भी अलर्ट मिलने की सुविधा दी गई है। बच्चों के फोन में इस्तेमाल होने वाले ऐप और कॉन्टैक्ट पर नियंत्रण रखने के साथ यह तय करने का विकल्प भी मिलता है कि वे स्क्रीन पर कितना समय बिताएं। इस तरह सेवा के जरिए बच्चों की बाहरी गतिविधियों के साथ उनके ऑनलाइन इस्तेमाल पर भी निगरानी रखी जा सकती है। बुजुर्ग माता-पिता के मामले में भी यह सेवा उपयोगी हो सकती है। वे घर से बाहर हों तो परिवार के सदस्य उनकी लोकेशन की जानकारी रख सकते हैं और जरूरत के समय SOS सुविधा के जरिए सहायता के लिए अलर्ट प्राप्त कर सकते हैं।

JioShield को इस्तेमाल करने के लिए माता-पिता के फोन में JioThings और बच्चे या बुजुर्ग के फोन में JioShield ऐप इंस्टॉल करना होगा। दोनों ऐप को आपस में जोड़ने के बाद माता-पिता अपने फोन से लोकेशन, स्क्रीन टाइम, ऐप और कॉन्टैक्ट से संबंधित सुविधाओं को नियंत्रित कर सकेंगे।

कंपनी के अनुसार, JioShield की वार्षिक कीमत 1,000 रुपए रखी गई है। यानी एक साल की सेवा का औसत मासिक खर्च करीब 83 रुपए बैठता है। जियो की 10वीं सालगिरह के विशेष ऑफर के तहत ग्राहकों को 1,000 रुपए के जियो रिचार्ज वाउचर भी दिए जाएंगे। कंपनी इसी आधार पर सेवा को प्रभावी रूप से मुफ्त बता रही है। ऑफर के तहत 12 महीने का Canva Pro भी शामिल है, जिसकी बताई गई कीमत 4,000 रुपए है। इसके अलावा 28 दिनों के लिए Unlimited 5G अपग्रेड की सुविधा भी दी जाएगी। 1,000 रुपए के रिचार्ज वाउचर को 10 अलग-अलग हिस्सों में 100-100 रुपए के रूप में दिया जाएगा। इन वाउचर का इस्तेमाल 399 रुपए या उससे अधिक कीमत वाले Unlimited 5G प्लान के रिचार्ज पर किया जा सकेगा। कंपनी का यह ऑफर 26 सितंबर से उपलब्ध है।

JioShield के इस्तेमाल के लिए बच्चे या बुजुर्ग के फोन में Android 10 या उससे ऊपर का संस्करण और सक्रिय जियो नंबर होना जरूरी है। वहीं माता-पिता के लिए JioThings ऐप फिलहाल Android पर उपलब्ध है। iOS उपयोगकर्ताओं के लिए इसे 1 अक्टूबर से उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई है।