टाल और दियारा के बाद लखीसराय मुख्यालय तक पहुँचा बाढ़ का पानी, प्रशासन की सुस्ती से जनता बेहाल

  • Post By Admin on Aug 10 2025
टाल और दियारा के बाद लखीसराय मुख्यालय तक पहुँचा बाढ़ का पानी, प्रशासन की सुस्ती से जनता बेहाल

लखीसराय : टाल और दियारा इलाकों के बाद अब लखीसराय जिला मुख्यालय भी बाढ़ की चपेट में आ गया है। नगर परिषद क्षेत्र के कई मोहल्लों में जलजमाव से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। किउल नदी लबालब भरी हुई है और समय पर नाला उड़ाही नहीं होने से अधिकांश नालों का पानी सड़कों पर फैल गया है। नतीजतन आधी आबादी को नाले और गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है।

सूखी रहने वाली किउल नदी का जलस्तर बढ़ने से हल्की बारिश में ही शहर तालाब में बदल रहा है। मानक के अनुरूप सड़कों का निर्माण न होने और ठेकेदार-विभागीय अधिकारियों की लापरवाही से स्थिति और बिगड़ गई है। राहत और बचाव कार्य अब तक शुरू नहीं हो सके हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं और आवागमन दोनों प्रभावित हैं। नाव की व्यवस्था न होने से लोग खासे परेशान हैं।

पानी घुसे तीन दिन से अधिक हो चुके हैं, लेकिन कई स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव तक नहीं हुआ। अस्पताल और कचरा निस्तारण स्थलों पर सफाई और रासायनिक छिड़काव की तत्काल जरूरत है। जिला प्रशासन की टीम अब तक केवल टाल और दियारा क्षेत्रों का जायजा लेने तक सीमित है, जबकि मुख्यालय के कई हिस्सों में लोग गले, कमर और घुटनों तक पानी में डूबकर आवाजाही करने को मजबूर हैं।