किऊल नदी में अवैध बालू खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, संयुक्त छापेमारी

  • Post By Admin on Feb 25 2026
किऊल नदी में अवैध बालू खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, संयुक्त छापेमारी

लखीसराय: अवैध बालू खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए किऊल नदी क्षेत्र में व्यापक संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। अभियान लखीसराय–जमुई सीमा से सटे बत्ता रामपुर और मझवे जैसे संवेदनशील इलाकों में संचालित किया गया, जिन्हें अवैध खनन गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है।

जिला प्रशासन, लखीसराय के निर्देश पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और पुलिस बल ने समन्वित कार्रवाई करते हुए नदी तट तथा आसपास के मार्गों की सघन जांच की। छापेमारी के दौरान उन संभावित रास्तों को चिन्हित किया गया, जिनका उपयोग अवैध बालू परिवहन में किया जाता रहा है। भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने कई स्थानों पर ट्रेंच (खाई) काटकर मार्ग अवरुद्ध कर दिए। अभियान के क्रम में संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों की भी जांच की गई। मौके पर मौजूद संबंधित व्यक्तियों को नियमों का उल्लंघन न करने की कड़ी चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि अवैध खनन और परिवहन में संलिप्तता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिला खनन पदाधिकारी कुमार रंजन ने कहा कि अवैध बालू खनन से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचता है और पर्यावरण संतुलन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जा रही है और आगे भी नियमित अंतराल पर संयुक्त छापेमारी अभियान जारी रहेगा। प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अवैध खनन से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत साझा करें, ताकि समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उक्त कार्रवाई में तेतरहट थाना के प्रभारी इलू उपाध्याय, चानन थाना के प्रभारी, खान निरीक्षक विनीत कुमार और शुभम कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अभियान के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था की स्थिति का भी जायजा लिया।