कांड्रा-चांडिल रेलवे ट्रैक पर मिला झारखंड आंदोलनकारी वरुण चक्रवर्ती का शव
- Post By Admin on Dec 02 2024

जमशेदपुर : जिले से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा-चांडिल रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर एक शव मिला है। जो झारखंड आंदोलनकारी वरुण चक्रवर्ती का बताया जा रहा है। शव कांड्रा थाना क्षेत्र स्थित पोल संख्या 290/एस 4 के पास पाया गया। मृतक की पहचान 70 वर्षीय वरुण चक्रवर्ती के रूप में की गई है। जो कांड्रा के एसकेजी कॉलोनी में रहते थे।
वरुण चक्रवर्ती झारखंड राज्य के गठन में एक प्रमुख आंदोलनकारी रहे थे। उन्होंने इस आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लिया था। शव मिलने की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अब इस मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि मृतक की मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह घटना संदेहास्पद प्रतीत हो रही है और पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच करने का निर्णय लिया है। शव के पास कोई नोट या साक्ष्य नहीं मिले हैं। जिससे मौत के कारणों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वे हर संभव पहलू की जांच कर रहे हैं और जल्द ही मामले का समाधान निकालने की कोशिश करेंगे।
वरुण चक्रवर्ती के निधन की खबर से स्थानीय समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है और झारखंड आंदोलन से जुड़े कई लोग उनकी मौत पर दुख व्यक्त कर रहे हैं।