​कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार का हार्ट अटैक से निधन, झारखंड में दो दिवसीय राजकीय शोक

  • Post By Admin on Sep 06 2026
​कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार का हार्ट अटैक से निधन, झारखंड में दो दिवसीय राजकीय शोक

रांची : झारखंड सरकार में नगर विकास, उच्च व तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन एवं खेलकूद मामलों के मंत्री और गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। देर रात तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गिरिडीह स्थित निजी मर्सी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके असामयिक निधन की खबर से राज्य भर में शोक की लहर दौड़ गई है।

दिवंगत मंत्री के सम्मान में राज्य सरकार ने दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) द्वारा जारी आधिकारिक संकल्प के तहत 6 और 7 सितंबर को राज्य भर में राजकीय शोक रहेगा। इस अवधि में उन सभी सरकारी संस्थानों व भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा जहां इसे नियमित रूप से फहराया जाता है। इसके अलावा शोक अवधि में किसी भी प्रकार के राजकीय या आधिकारिक समारोहों के आयोजन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

श्रद्धांजलि स्वरूप राज्य सरकार ने सोमवार, 7 सितंबर को सभी सरकारी कार्यालयों में राजकीय अवकाश घोषित किया है। विशेष कार्य पदाधिकारी अखलेश कुमार सिन्हा के हस्ताक्षर से इस संबंध में सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों, प्रमंडलीय आयुक्तों, उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भेज दिए गए हैं। इस आदेश की प्रतिलिपि केंद्रीय गृह मंत्रालय और झारखंड उच्च न्यायालय को भी प्रेषित कर दी गई है।