जमशेदपुर : शहर से सटे कमलपुर थाना क्षेत्र के बनकुंचिया स्थित माँ तारा कंस्ट्रक्शन कंपनी में शनिवार-रविवार की रात हुई डकैती कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस घटना में शामिल सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
जमशेदपुर के एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि इस डकैती के मास्टरमाइंड इस कंस्ट्रक्शन कंपनी में हाइवा ड्राइवर सनातन तांती था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस घटना की साजिश रची थी।
गिरफ्तार किए गए अपराधियों में सरायकेला-खरसावां जिले के चौका निवासी सनातन तांती उर्फ सोनू, तमाड़ निवासी संदीप कुमार, प्रकाश महतो, अशोक महतो, उमेश कुमार महतो, अड़की थाना क्षेत्र निवासी गांगू मुंडा उर्फ गूंगा मुंडा और उमेश कुमार महतो शामिल हैं। पुलिस ने इन अपराधियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार, एक कार, लूटे गए 1.20 लाख रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
एसएसपी किशोर कौशल ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि सनातन तांती और उसके साथियों ने मिलकर डकैती की योजना बनाई। घटना के दिन प्रकाश और गांगू हथियार लेकर कंस्ट्रक्शन कंपनी पहुंचे। जबकि अशोक महतो कार लेकर मौके पर पहुंचा। चार आरोपी संदीप, प्रकाश, गांगू और अशोक ने कंस्ट्रक्शन कंपनी के परिसर में घुसकर लूटपाट की। जबकि उमेश बाहर निगरानी कर रहा था। पुलिस ने सनातन तांती को पहले गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया।
























