लखीसराय : संगठन को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के तहत चानन मंडल का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम इटौन ग्राम स्थित किड्स कार्ड प्ले स्कूल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष उमेश महतो ने की।
कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, जिला महामंत्री सनोज साहू, जिला उपाध्यक्ष नवीन सिंह, जिला मंत्री हिमांशु पटेल, जिला प्रवक्ता प्रो. मनोरंजन कुमार और मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस मौके पर वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और जनसेवा के प्रति समर्पण को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं, जो समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं और संगठन की नीतियों को पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
प्रशिक्षण महा अभियान के तहत कुल सात विषयों पर सत्र आयोजित किए गए। इनमें सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग, भाजपा का इतिहास, वैचारिक अधिष्ठान, संगठन की कार्यपद्धति, कार्य विस्तार की रणनीति, बूथ प्रबंधन तथा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों व उनके क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
इन विषयों पर प्रशिक्षकों के रूप में अजय कुशवाहा, प्रो. मनोरंजन कुमार, मणिकांत सिंह, नवीन कुमार सिंह, जिला महामंत्री सनोज साहू, जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह तथा जिला उपाध्यक्ष संजय कुमार ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम में मंडल कार्यसमिति के सभी सदस्य, विभिन्न मोर्चों के मंडल अध्यक्ष व महामंत्री सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान संगठन की नीतियों, विचारों और कार्यशैली को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि इटौन पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के नेतृत्व में 54 लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की, जिससे संगठन को स्थानीय स्तर पर नई मजबूती मिली।




















