रामगढ़ में दर्दनाक हादसा : टरबाइन ब्लास्ट में 3 इंजीनियरों की मौत, एक घायल

  • Post By Admin on Aug 22 2026
रामगढ़ में दर्दनाक हादसा : टरबाइन ब्लास्ट में 3 इंजीनियरों की मौत, एक घायल

रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले के हेहल स्थित मां छिन्मस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात टरबाइन ब्लास्ट होने से तीन इंजीनियरों की मौत हो गई, जबकि एक इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा फैक्ट्री के कंट्रोल रूम में ओवरहीटिंग के कारण पैनल सिस्टम फेल होने के बाद हुआ। घटना के बाद फैक्ट्री कर्मचारियों में आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात शिफ्ट इंचार्ज संजीव केसरी, इंजीनियर विनीत महतो, अभिषेक पांडेय और तरुण रवानी ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 11:10 बजे ओवरहीटिंग के कारण टरबाइन पैनल सिस्टम फेल हो गया। कर्मचारियों ने इमरजेंसी सिस्टम शुरू करने का प्रयास किया, लेकिन सिस्टम चालू नहीं हो सका। इसी दौरान तेज आवाज के साथ टरबाइन ब्लास्ट कर गया।

ब्लास्ट के बाद टरबाइन के अंदर मौजूद तेल बाहर फैल गया, जिससे फैक्ट्री परिसर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से धनबाद हाउसिंग कॉलोनी निवासी शिफ्ट इंचार्ज संजीव केसरी, नगर ऊंटारी निवासी इंजीनियर अभिषेक पांडेय और जागेश्वर बिहार निवासी इंजीनियर विनीत महतो की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हजारीबाग निवासी इंजीनियर तरुण रवानी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

कई दिनों से खराब था कंट्रोल रूम का एसी

फैक्ट्री में कार्यरत इंजीनियर अमित कुमार ने बताया कि टरबाइन पैनल कंट्रोल रूम का एसी पिछले कई दिनों से खराब था। इसकी शिकायत फैक्ट्री प्रबंधन से की गई थी, लेकिन आरोप है कि प्रबंधन की ओर से इसे ठीक कराने के लिए कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई। हादसे के बाद फैक्ट्री कर्मचारियों में आक्रोश है। घटना के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।