लखीसराय में 200 मीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

  • Post By Admin on Aug 14 2025
लखीसराय में 200 मीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

लखीसराय : हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को लखीसराय में भाजयुमो अध्यक्ष सोनु चन्द्रवंशी के नेतृत्व में 200 मीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ थाना चौक से हुआ और यह आर. लाल कॉलेज होते हुए सम्राट अशोक हाल तक पहुँची। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया, जबकि तिरंगा लहराते युवा ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से शहर को देशभक्ति के रंग में रंगते रहे।

कार्यक्रम में बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और नगर विकास मंत्री जीवेश कुमार विशेष रूप से शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री ने कहा, "हर घर तिरंगा अभियान के तहत लखीसरायवासियों के साथ तिरंगा लहराना गर्व का क्षण है। तिरंगा न केवल हमारी स्वतंत्रता का प्रतीक है, बल्कि यह हर भारतीय के आत्मसम्मान, एकता और बलिदान की पहचान भी है।"

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर कहा, "भारत का विभाजन हमारे इतिहास का सबसे दर्दनाक अध्याय रहा है, जिसने लाखों लोगों को विस्थापन, हिंसा और पीड़ा का सामना कराया। आज हम उन सभी शहीदों और पीड़ितों को नमन करते हैं, जिन्होंने देश की अखंडता और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।" उन्होंने आह्वान किया कि हर भारतीय राष्ट्र की एकता को बनाए रखने और विभाजनकारी विचारों से सदा सतर्क रहे।

तिरंगा यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक कुमार, महामंत्री सनोज साह, प्रमोद कुशवाहा, अमरजीत प्रजापति, उपाध्यक्ष नवीन सिंह, अभिषेक सिंह, हिमांशु पटेल, विकास आनंद, जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, नगर अध्यक्ष मुकुल सिंह, कश्यप गौरी शंकर समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।

पूरा शहर तिरंगे की शान और देशभक्ति के जोश से सराबोर रहा, जो लखीसराय के लोगों की एकजुटता और राष्ट्रप्रेम का जीवंत प्रमाण बना।