विश्व आद्रभूमि दिवस पर बरगद का वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

  • Post By Admin on Feb 02 2026
विश्व आद्रभूमि दिवस पर बरगद का वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

लखीसराय : विश्व आद्रभूमि दिवस एवं बालक शिवांश कुमार सिंह के जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को रानी सती मंदिर परिसर, चित्तरंजन रोड, पुरानी बाजार, लखीसराय में पर्यावरण भारती के तत्वावधान में देव वृक्ष बरगद का वृक्षारोपण किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व लखीसराय नगर पेड़ उपक्रम प्रमुख विवेक कुमार जोशी ने किया।

इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने विश्व आद्रभूमि दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पहली बार यह दिवस 2 फरवरी 1997 को मनाया गया था, जिसका उद्देश्य दुनिया की 2,500 से अधिक आद्रभूमियों के लगभग 25 लाख वर्ग किलोमीटर क्षेत्र की सुरक्षा करना है। उन्होंने बताया कि पिछले 50 वर्षों में विश्वभर में लगभग 35 प्रतिशत आद्रभूमि नष्ट हो चुकी है, जो चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि दुनिया की लगभग एक अरब से अधिक आबादी अपनी आजीविका के लिए आद्रभूमि पर निर्भर है। पृथ्वी के केवल 6 प्रतिशत क्षेत्र में आद्रभूमि मौजूद है, लेकिन विश्व की लगभग 40 प्रतिशत जैव विविधता इन्हीं क्षेत्रों में पाई जाती है। समुद्र तटीय इलाकों में रहने वाली लगभग 60 प्रतिशत आबादी को आद्रभूमि के कारण तूफान और चक्रवात से सुरक्षा मिलती है। इसके अलावा नदी डेल्टा क्षेत्रों में धान की खेती, मछली पालन और नमक उत्पादन से लोगों को आर्थिक लाभ भी मिलता है।

पर्यावरण नारी शक्ति प्रांत टोली की सदस्य श्रीमती शोभा सिंह ने कहा कि उनके पोते शिवांश कुमार सिंह का जन्मदिन 2 फरवरी को है और इस अवसर पर बरगद जैसे देव वृक्ष का पौधारोपण करना एक पुण्य कार्य है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों के जन्मदिन पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं, ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे।

कार्यक्रम में श्रीमती शोभा सिंह, अनिल कुमार सिंह, विवेक कुमार जोशी, हरिनंदन पासवान, पुजारी प्रमोद पाण्डेय, राम बिलास शाण्डिल्य, सौरभ पासवान, गौरव पासवान सहित कई लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर पौधारोपण और जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।