वॉलीबॉल में लखीसराय की बेटियों ने मारी बाजी, खो-खो टीम भी सेमीफाइनल में पहुंची
- Post By Admin on Oct 11 2026
लखीसराय : अंतर प्रमंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिता 2026-27 में लखीसराय जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। 9 से 11 अक्टूबर 2026 तक आयोजित प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबॉल की तीनों बालिका टीमें उपविजेता बनीं, जबकि खो-खो की बालिका टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके अलावा जिले के खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो, सेपक टकरा, तलवारबाजी, साइकिलिंग और कराटे जैसी स्पर्धाओं में भी भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, लखीसराय की ओर से 11 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वॉलीबॉल बालिका वर्ग के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्गों में जिले की टीमों ने उपविजेता का स्थान हासिल किया। वहीं, खो-खो बालिका वर्ग के तीनों आयु वर्गों में भाग लेने वाली टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।
ताइक्वांडो के अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग में जिले के 16 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सेपक टकरा के अंडर-17 वर्ग में छह खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। तलवारबाजी के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्गों में 26 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। इस स्पर्धा में लखीसराय के खिलाड़ियों ने दो रजत पदक हासिल किए। साइकिलिंग के अंडर-17 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्गों में चार खिलाड़ियों ने भाग लिया। वहीं, कराटे के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्गों में जिले के 50 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की भागीदारी और विभिन्न स्पर्धाओं में मिली सफलता से जिले में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिला है। उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, लखीसराय ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन से संबंधित विवरण जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई और प्रचार-प्रसार के लिए भेजा है।