​लखीसराय के जांबाजों की नेशनल उड़ान, 10वीं राष्ट्रीय गतका स्पर्धा के लिए 3 खिलाड़ी चयनित

  • Post By Admin on Oct 15 2026
​लखीसराय के जांबाजों की नेशनल उड़ान, 10वीं राष्ट्रीय गतका स्पर्धा के लिए 3 खिलाड़ी चयनित

लखीसराय : हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया स्थित गुरु नानक डिफेंस एवं स्पोर्ट्स एकेडमी में 15 से 17 अक्टूबर 2026 तक 10वीं राष्ट्रीय जूनियर गतका चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लखीसराय जिले के तीन होनहार खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिससे खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

गतका एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव भोला थापा ने इस संबंध में जानकारी साझा की। लखीसराय जिला गतका सचिव अमित सिंह राजपूत ने बताया कि बीते 9 अगस्त को पटना के खेल भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गतका चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के आधार पर इन खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए किया गया है।

चयनित खिलाड़ियों में सूरजगढ़ा प्रखंड स्थित प्लस टू परियोजना गर्ल्स स्कूल की छात्रा स्वकृति कुमारी (पिता संजय भगत, ग्राम कटेहर), खुशी कुमारी (पिता रंजय महतो, ग्राम कटेहर) और आलोक कुमार (पिता हीरामणि पांडे, ग्राम सलेमपुर) शामिल हैं। ये तीनों खिलाड़ी सूरजगढ़ा के नॉकआउट आत्मरक्षा अकादमी क्लब में नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं।

खिलाड़ियों के चयन पर सूरजगढ़ा के प्रखंड विकास पदाधिकारी मंजुल मनोहर मधुप, गतका जिला अध्यक्ष अभिषेक आनंद, प्लस टू परियोजना गर्ल्स स्कूल के प्रधानाध्यापक संजय सिंह, कृष्ण मुरारी, गौहर, राजीव रंजन, जिला फुटबॉल कोच नीरज सिंह क्षत्रिय, जिला गतका व खो-खो सचिव अमित सिंह राजपूत, जिला वुशु सचिव धीरज कुमार, जिला कराटे सचिव गुंजन कुमार, जिला खो-खो से गुरिया कुमारी और तन्नु कुमारी सहित कई खेल पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अपनी शुभकामनाएं दीं।