लखीसराय : गुजरात के वडोदरा में आयोजित होने वाली 45वीं जूनियर राष्ट्रीय खो-खो चैंपियनशिप के लिए बिहार टीम के चयन की प्रक्रिया लखीसराय में पूरी हुई। सूर्यगढ़ा स्थित एनएनएसई स्कूल परिसर में खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार और लखीसराय जिला खो-खो संघ के संयुक्त तत्वावधान में बालक एवं बालिका वर्ग का चयन ट्रायल आयोजित किया गया। इसमें बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 21 से 25 नवंबर तक वडोदरा में 45वीं जूनियर राष्ट्रीय खो-खो चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में बिहार की बालक और बालिका टीम भाग लेगी। चयन ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी गति, फुर्ती और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं के सामने अपनी दावेदारी पेश की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव नीरज कुमार पप्पू, समाजसेवी एवं अधिवक्ता अमृत भाई पटेल, एनएसएसईएस के प्राचार्य के. अंभस्था, जदयू जिलाध्यक्ष रामानुज शर्मा, चेयरमैन प्रतिनिधि सज्जन सिंह, कबादपुर के मुखिया शैलेन्द्र कुमार, रामगढ़ के मुखिया राजकुमार महतो, पाली के मुखिया सत्यनारायण महतो, मनतोष कुमार और भोला महतो मौजूद रहे।

आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को पुष्पगुच्छ और शॉल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन लखीसराय जिला खो-खो संघ के सचिव अमित कुमार ने किया। आयोजक समिति ने चयन ट्रायल में शामिल खिलाड़ियों के लिए नाश्ते और दोपहर के भोजन की निःशुल्क व्यवस्था भी की थी। आयोजन के माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करने का अवसर देने की दिशा में पहल की गई।