जिले में पहली बार खो-खो प्रशिक्षण शिविर, बालक-बालिकाओं ने सीखे खेल के गुर

  • Post By Admin on Mar 01 2026
जिले में पहली बार खो-खो प्रशिक्षण शिविर, बालक-बालिकाओं ने सीखे खेल के गुर

लखीसराय : जिले में पहली बार बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के लिए दो दिवसीय खो-खो प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिला खो-खो संघ के तत्वावधान में आयोजित यह शिविर 28 फरवरी और 1 मार्च को सूर्यगढ़ा स्थित पब्लिक हाई स्कूल मैदान में संपन्न हुआ।

जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष तिजो थॉमस और सचिव अमित कुमार ने बताया कि जिले के सभी सातों प्रखंडों से बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने इसे जिले के खेल इतिहास में गर्व का क्षण बताया और कहा कि इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि जनार्दन महतो एवं समाजसेवी निशांत अग्रवाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मोबाइल से दूरी बनाकर शारीरिक फिटनेस पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करता है। साथ ही “बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ” का संदेश देते हुए बालिकाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। खिलाड़ियों के बीच पेन वितरित कर उन्हें सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आलोक शर्मा ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर खिलाड़ियों में जोश भर दिया। “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ शिविर का समापन हुआ।

प्रशिक्षण शिविर में कोच सुभाष पटेल, रूपेश पटेल, नीरज सिंह क्षत्रिय, सदानंद कुमार, गुंजन कुमार, धीरज कुमार एवं अंकित कुमार ने खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया। आयोजन को खेल प्रतिभाओं के लिए नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।