पाकिस्तान स्थित अमेरिकी दूतावास पर हमला के क्रम में 12 की मौत, एकबार फिर विश्वयुद्ध की ओर बढ़ रहे सभी देश
- Post By Admin on Mar 01 2026
नई दिल्ली: इजराइल–ईरान युद्ध ने पूरे पश्चिम एशिया को हिंसा और अस्थिरता की चपेट में ले लिया है। अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान पर लगातार दूसरे दिन हवाई हमले जारी हैं, वहीं ईरान ने इजराइल के साथ-साथ मध्य-पूर्व के नौ देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी एयर स्ट्राइक तेज कर दी है। इसी बीच ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की पुष्टि के बाद हालात और विस्फोटक हो गए हैं।
पाकिस्तान के कराची और इस्लामाबाद में हजारों शिया प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए। कराची में भीड़ ने अमेरिकी दूतावास की ओर बढ़ने की कोशिश की, जहां सुरक्षा बलों की फायरिंग में 12 लोगों की मौत की खबर है। कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। स्कर्दू में प्रदर्शनकारियों ने संयुक्त राष्ट्र (UN) कार्यालय में आग लगा दी। इस्लामाबाद के रेड जोन में भी झड़पें और आंसू गैस के गोले छोड़े जाने की खबर है। मध्य-पूर्व में ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमले जारी हैं। कतर, दुबई, अबू धाबी और रियाद में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। ओमान के मुसंदम प्रायद्वीप के पास “स्काईलाइट” नामक तेल टैंकर पर हमले में चार क्रू सदस्य घायल हुए, जिनमें भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य के दोनों ओर करीब 150 से अधिक टैंकर और LNG जहाज फंसे हुए हैं, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है।
इजराइल के तेल अवीव में एक रिहायशी इमारत पर रॉकेट गिरने से भारी नुकसान हुआ है। इजराइली विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ओरेन मार्मोरस्टीन ने आरोप लगाया कि ईरान नागरिक ठिकानों को निशाना बना रहा है। वहीं इजराइल का कहना है कि वह केवल सैन्य ठिकानों पर हमला कर रहा है। तनाव का असर भारत पर भी दिख रहा है। एयरस्पेस बंद होने के कारण भारत में 350 से अधिक उड़ानें रद्द हुई हैं। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने खाड़ी देशों के लिए कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 2 मार्च की रात तक निलंबित कर दी हैं। दुबई, अबू धाबी और अन्य खाड़ी देशों में बड़ी संख्या में भारतीय यात्री फंसे हुए हैं। मध्य प्रदेश के 700 से अधिक यात्री संयुक्त अरब अमीरात में रुके हैं। भारतीय दूतावासों ने एडवाइजरी जारी कर नागरिकों से सतर्क रहने को कहा है। मिडिल-ईस्ट में हालात बिगड़ने के कारण सीबीएसई ने बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। नई तारीखों की घोषणा स्थिति की समीक्षा के बाद की जाएगी। एशियन चैंपियंस लीग के फुटबॉल मैच और पाकिस्तान शाहीन्स–इंग्लैंड लायंस का वनडे भी रद्द कर दिया गया है। भारत के विभिन्न हिस्सों—श्रीनगर, लखनऊ, अजमेर और मुंबई—में खामेनेई की मौत के विरोध में प्रदर्शन हुए हैं। शिया मुस्लिम संगठनों ने शोक और विरोध कार्यक्रमों की घोषणा की है।
क्षेत्रीय और वैश्विक शक्तियां अब हालात पर नजर रखे हुए हैं। कूटनीतिक समाधान की संभावनाएं फिलहाल कमजोर दिख रही हैं, जबकि सैन्य टकराव का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्द तनाव कम नहीं हुआ, तो इसका असर वैश्विक ऊर्जा बाजार, विमानन सेवाओं और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा पर व्यापक रूप से पड़ेगा।
•खबर में दी गई तस्वीर सांकेतिक है.....