छोटी मां दुर्गा मंदिर में बिल्व निमंत्रण अनुष्ठान संपन्न, सप्तमी को निकलेगी भव्य डोली यात्रा
- Post By Admin on Oct 16 2026
लखीसराय : शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री श्री 108 श्री श्री जगतजननी दुर्गा पूजा समिति, पुरानी बाजार स्थित छोटी मां दुर्गा स्थान के तत्वावधान में श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ बिल्व निमंत्रण अनुष्ठान संपन्न हुआ। समिति के अध्यक्ष बासुकीनाथ और सचिव सुरेश ड्रोलिया के नेतृत्व में यह धार्मिक अनुष्ठान पचना रोड स्थित संसार पोखर में आयोजित किया गया। अनुष्ठान का संचालन बनारस से पधारे केशव आचार्य जी ने यजमान अभिनंदन जी और समिति के पदाधिकारियों के सहयोग से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर टाउन थाना प्रभारी भी अपने पुलिस बल के साथ मौके पर उपस्थित रहे।
समिति के सचिव सुरेश ड्रोलिया ने बिल्व निमंत्रण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दुर्गा पूजा का अत्यंत महत्वपूर्ण अनुष्ठान है, जिसके जरिए मां दुर्गा को बिल्व वृक्ष पर आमंत्रित किया जाता है। यह धरती पर देवी के आगमन का पवित्र निमंत्रण है, जो हर वर्ष शारदीय नवरात्रि की षष्ठी तिथि को आयोजित किया जाता है और इसे ही दुर्गा पूजा की आध्यात्मिक शुरुआत माना जाता है। इस दिन बेल वृक्ष की विधिवत पूजा कर लाल वस्त्र अर्पित करते हुए जगतजननी से धरती पर पधारने की प्रार्थना की जाती है। अध्यक्ष बासुकीनाथ ने कहा कि बेल वृक्ष में भगवान शिव और मां दुर्गा का वास माना गया है, इसलिए यह अनुष्ठान भक्तों की अगाध श्रद्धा, समर्पण और देवी कृपा प्राप्ति का माध्यम है।
संयुक्त सचिव अरविंद कुमार सोनी एवं सदस्य कृष्ण मुरारी ने बताया कि अनुष्ठान के दौरान बेल के जोड़े फल की विधिवत पूजा कर उसे लाल कपड़े में बांधा जाता है और देवी का आह्वान किया जाता है। इस पूजित जुड़वां बेल को अगले दिन यानी सप्तमी तिथि को गाजे-बाजे, ढोल, हाथी, घोड़ा और पालकी के साथ हजारों श्रद्धालुओं के भव्य जुलूस के बीच नगर भ्रमण कराते हुए पूजा पंडाल तक लाया जाता है, जिसे मां दुर्गा की पारंपरिक डोली यात्रा कहा जाता है।
समिति सदस्य बंटी डालमिया और विवेक छापड़िया ने बताया कि बेल भरनी के दिन हर वर्ष की तरह इस बार भी विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस पूरे धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में राजीव सिन्हा, अरविंद गुप्ता, दानी, अंशु, प्रियांशु और विजय सहित सैकड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। वहीं समिति द्वारा नवरात्रि के दौरान डांडिया और गरबा प्रस्तुत करने वाली प्रतिभावान बच्चियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित भी किया गया।