पहलेजा से जलबोझी कर बाबा गरीबनाथ धाम के लिए निकले कांवरिया

  • Post By Admin on Aug 22 2026
पहलेजा से जलबोझी कर बाबा गरीबनाथ धाम के लिए निकले कांवरिया

मुजफ्फरपुर: सावन की चौथी और अंतिम सोमवारी को लेकर बाबा गरीबनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए कांवरियों का जत्था पहलेजा घाट से जलबोझी कर रवाना होने लगा है। शुक्रवार सुबह से ही पहलेजा घाट पर कांवरियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान-पूजन के बाद संकल्प लेकर बाबा गरीबनाथ धाम के लिए कांवर यात्रा शुरू की।

कई कांवरियों ने पहलेजा से जलबोझी करने से पूर्व बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद लिया। इसके बाद ट्रेन और निजी वाहनों से पहलेजा घाट पहुंचे। घाट पर स्नान और पूजा-अर्चना के बाद कांवरियों ने जल उठाया और पैदल यात्रा शुरू की। कई श्रद्धालुओं ने पहले हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया। इसके बाद बाबा गरीबनाथ धाम की ओर अपनी यात्रा शुरू की। पहलेजा घाट से लेकर मुजफ्फरपुर तक कांवरियों के स्वागत और सेवा के लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए गए हैं। सोनपुर प्रशासन के अनुसार शुक्रवार को पहलेजा घाट पर भीड़ अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन कांवरियों के पहुंचने का सिलसिला रविवार तक जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार रात कांवरियों के वैशाली जिले के बिठौली और भगवानपुर स्थित सेवा शिविरों में रुकने की व्यवस्था रहेगी। शनिवार सुबह कांवरिये गोरौल होते हुए फकुली सीमा के रास्ते मुजफ्फरपुर जिले में प्रवेश करेंगे।

फकुली से गरीबनाथ मंदिर तक सक्रिय होंगे सेवा शिविर

कांवरियों की सुविधा को देखते हुए शनिवार सुबह से फकुली से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक विभिन्न सरकारी और सेवा शिविर सक्रिय कर दिए जाएंगे। शनिवार दोपहर से रविवार रात तक कांवरियों के रामदयालु टेंट सिटी सहित शहर के विभिन्न सेवा शिविरों में रुकने की व्यवस्था रहेगी।

रविवार सुबह से शुरू होगा जलाभिषेक

बाबा गरीबनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित विनय पाठक के अनुसार रविवार सुबह चार बजे मंदिर का पट खुलते ही बाबा का जलाभिषेक शुरू हो जाएगा। दोपहर 12 बजे से दो बजे तक मंदिर का पट बंद रहेगा। दोपहर दो बजे के बाद पान के पत्तों से बाबा गरीबनाथ का भव्य महाशृंगार किया जाएगा। महाशृंगार के बाद दोबारा जलाभिषेक शुरू होगा, जो अंतिम सोमवारी की रात तक अनवरत जारी रहने की बात कही गई है। अंतिम सोमवारी को लेकर मंदिर और कांवरिया मार्ग पर प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अंतिम सोमवारी को बाबा गरीबनाथ पर जलाभिषेक के लिए उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों के साथ-साथ दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। मंदिर परिसर से लेकर कांवरिया मार्ग तक पूरा क्षेत्र बोल बम के जयघोष से गूंजने की संभावना है।