लखीसराय : राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोसजपा) को लखीसराय में बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी की नगर इकाई के अध्यक्ष रहे सुबोध कुमार सुमन उर्फ सुबोध मंडल ने अपने पद से इस्तीफा देते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी त्यागपत्र दे दिया है।

सुबोध सुमन ने अपना इस्तीफा पत्र रालोसजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष और सचिव को भेजते हुए इसे शीघ्र स्वीकार करने का अनुरोध किया है। इस्तीफे के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा, हालांकि इस्तीफे के कारणों का स्पष्ट खुलासा अभी नहीं किया गया है।

स्थानीय राजनीतिक हलकों में उनके इस कदम से खलबली मच गई है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि यह फैसला पार्टी के अंदरूनी असंतोष का संकेत हो सकता है। सुबोध सुमन लखीसराय में रालोसजपा के सक्रिय और लोकप्रिय नेताओं में से एक माने जाते थे, जिनका इस्तीफा पार्टी के लिए सांगठनिक रूप से नुकसानदेह साबित हो सकता है।

जानकार सूत्रों के अनुसार, सुबोध सुमन आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल हो सकते हैं या फिर निर्दलीय चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। फिलहाल, पार्टी नेतृत्व की ओर से इस पूरे प्रकरण पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।