जिला स्तरीय रोल प्ले एवं लोक नृत्य प्रतियोगिता में कन्हौली डीह मुशहरी विद्यालय प्रथम

  • Post By Admin on Oct 08 2025
जिला स्तरीय रोल प्ले एवं लोक नृत्य प्रतियोगिता में कन्हौली डीह मुशहरी विद्यालय प्रथम

मुजफ्फरपुर : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) रामबाग, मुजफ्फरपुर में आज जिला स्तरीय रोल प्ले एवं लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन एन.सी.ई.आर.टी. के तत्वाधान में संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य विद्यालय के विद्यार्थियों में जीवन कौशल, नैतिक मूल्य, सकारात्मक सोच, बौद्धिक विकास के साथ-साथ शारीरिक, मानसिक, संवेगात्मक और सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करना है।

इस प्रतियोगिता में जिले के सात विद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया, जिनमें रा. आदर्श मध्य विद्यालय कल्याणी नगर, रा. मध्य विद्यालय गोखलपुरी, रा. उ. मध्य विद्यालय कन्हौली डीह मुशहरी, रा. चैपमैन उ. माध्यमिक विद्यालय, रा. मध्य विद्यालय मिठनपुरा, और हरिहर नारायण कन्या मध्य विद्यालय शामिल थे। कार्यक्रम का उद्घाटन डायट प्राचार्या अनामिका कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “कला ही जीवन है, और मनुष्य के जीवन में कला का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। जीवन में कलात्मक दृष्टिकोण रखने से न केवल समस्याओं का समाधान मिलता है बल्कि यह शिक्षा को सर्वांगीण विकास की दिशा भी देता है।” उन्होंने कहा कि “कलाविहीन जीवन उदासीन और दुःखों से भरा होता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को कला को अपने जीवन में स्थान देना चाहिए।”

सातों विद्यालयों के छात्रों ने विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों पर आकर्षक नृत्य-नाटिकाओं की प्रस्तुति दी। निर्णायक मंडल ने प्रदर्शन के आधार पर परिणाम घोषित किए, जिसमें रा. उ. मध्य विद्यालय कन्हौली डीह मुशहरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रा. मध्य विद्यालय मिठनपुरा द्वितीय स्थान पर और हरिहर नारायण कन्या मध्य विद्यालय तृतीय स्थान पर रहा। 

प्रथम स्थान प्राप्त विद्यालय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मुजफ्फरपुर का प्रतिनिधित्व करेगा। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। निर्णायक मंडल में डॉ. राहुल कुमार, अवनीश कुमार, और श्रीमती अपर्णा कुमारी शामिल थे। मंच संचालन वैष्णवी और वहदत नेकिया ने किया।कार्यक्रम में डायट व्याख्याता मनीष पांडेय, अर्जुन गिरी, राकेश सिन्हा, निर्मल कुमार, पंकज कुमार, डॉ. मीरा कुमारी, श्रीमती दीपिन्ती और डॉ. रश्मि की उपस्थिति रही।