पेपर लीक के विरोध में पटना में प्रदर्शन तेज, तेज प्रताप यादव को पुलिस ने लिया हिरासत में

  • Post By Admin on Jul 25 2026
पेपर लीक के विरोध में पटना में प्रदर्शन तेज, तेज प्रताप यादव को पुलिस ने लिया हिरासत में

पटना: बिहार में कथित पेपर लीक के विरोध में छात्र संगठनों द्वारा बुलाए गए बिहार बंद के दौरान शनिवार को राजधानी पटना में तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, जिसके बाद जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कई अन्य प्रदर्शनकारियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

पटना से सामने आए वीडियो में प्रदर्शन के दौरान अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया। प्रदर्शनकारी छात्र पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया और कई लोगों को हिरासत में लिया। जानकारी के अनुसार, छात्र संगठनों ने पेपर लीक के विरोध में बिहार बंद का आह्वान किया था। इसी के समर्थन में तेज प्रताप यादव भी प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई।

हिरासत में लिए जाने से पहले तेज प्रताप यादव ने कहा कि वह छात्रों की मांगों के समर्थन में उनके साथ खड़े हैं और पेपर लीक जैसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।गौरतलब है कि पटना में कथित पेपर लीक के मुद्दे को लेकर पिछले कई दिनों से छात्र संगठनों का विरोध प्रदर्शन जारी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शन स्थल और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। फिलहाल स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है, जबकि प्रदर्शनकारी छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।