नीतीश के बेटे निशांत की सियासत में एंट्री, पार्टी नेताओं ने किया स्वागत

  • Post By Admin on Mar 08 2026
नीतीश के बेटे निशांत की सियासत में एंट्री, पार्टी नेताओं ने किया स्वागत

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने रविवार को औपचारिक रूप से जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता ग्रहण कर ली। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। निशांत कुमार के राजनीति में प्रवेश को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया।

सदस्यता ग्रहण करने के बाद निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार का राज्यसभा जाने का फैसला उनका व्यक्तिगत निर्णय है और वह उसका सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता के इस निर्णय को स्वीकार करते हैं।

पार्टी में शामिल होने से पहले निशांत कुमार ने शनिवार को जदयू के वरिष्ठ नेताओं और युवा विधायकों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में पार्टी की आगे की रणनीति और संगठन को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान सभी वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।

जदयू के वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि निशांत कुमार युवा हैं और उनमें काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके आने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी।

वहीं जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कर्पूरी सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज पार्टी के लिए खुशी का दिन है। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं की मांग और उनकी आवाज को सुनते हुए पार्टी में शामिल होने का फैसला लिया है। इसके लिए उन्होंने निशांत कुमार का धन्यवाद भी किया।

कार्यक्रम के दौरान उमेश कुशवाहा ने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सदस्यता ग्रहण करने की प्रक्रिया में लगभग दस मिनट का समय लगेगा।

इस मौके पर निशांत कुमार जब पार्टी कार्यालय में मंच पर पहुंचे तो उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और संजय झा मौजूद थे, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंच पर नजर नहीं आए।

निशांत कुमार के राजनीति में प्रवेश को बिहार की राजनीति में एक नए घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है और इसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।