पूर्व महापौर अंजलि कुमारी ने भाजपा छोड़कर झामुमो का थामा दामन, पार्टी पर लगाए गंभीर आरोप

  • Post By Admin on Oct 29 2024
पूर्व महापौर अंजलि कुमारी ने भाजपा छोड़कर झामुमो का थामा दामन, पार्टी पर लगाए गंभीर आरोप

हजारीबाग : हजारीबाग नगर निगम की पूर्व महापौर और भाजपा की प्रमुख नेत्री अंजलि कुमारी ने मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सदस्यता ग्रहण कर ली। रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में उन्होंने झामुमो में शामिल होने का ऐलान किया।

भाजपा पर निशाना साधते हुए अंजलि कुमारी ने कहा कि झारखंड में स्थानीय कार्यकर्ताओं की पार्टी में अब कोई अहमियत नहीं रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में बाहरी नेताओं का प्रभाव बढ़ गया हैl जिसमें छत्तीसगढ़, उड़ीसा, बिहार और उत्तर प्रदेश के नेताओं की भूमिका ज्यादा हो गई है। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के नेतृत्व में झारखंड के समर्पित कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया जा रहा हैl जिसका परिणाम टिकट बंटवारे में साफ दिखाई दिया।

अंजलि ने कहा कि "भाई-भतीजावाद और बाहरी नेताओं के प्रभाव के कारण झारखंड में भाजपा कमजोर हो रही है।" उन्होंने झामुमो को सभी वर्गों का सम्मान करने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि यह पार्टी कार्यकर्ताओं को उचित मान-सम्मान देती है। अंजलि कुमारी के इस कदम को राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।