लखीसराय : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता पर की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा लखीसराय की जिला इकाई ने शनिवार को शहीद द्वार के निकट कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव का पुतला दहन किया।

महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष आशा पासवान ने कहा, “माँ हमारे जीवन का सबसे पूजनीय स्वरूप हैं। कांग्रेस और राजद नेताओं ने प्रधानमंत्री जी की माताजी पर जिस तरह अपशब्द कहे, वह केवल एक माँ का नहीं बल्कि बिहार की समस्त मातृशक्ति का अपमान है। इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

महिला मोर्चा नगर उपाध्यक्ष किरण कुशवाहा ने कहा, “सीता माँ की धरती पर किसी भी माँ का अपमान सहन नहीं किया जाएगा। राहुल गांधी और राजद कार्यकर्ताओं ने जिस तरह अभद्र भाषा का प्रयोग किया है, वह शर्मनाक और निंदनीय है।”

मोर्चा नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि कांग्रेस और राजद की यह मानसिकता माँ के प्रति उनके असंवेदनशील रवैये को दर्शाती है। बिहार की जनता इस अपमान को कभी माफ नहीं करेगी और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू, जिला महामंत्री सनोज साहू, जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, नगर मंत्री रेखा देवी, ओबीसी मोर्चा प्रभारी घनश्याम मंडल, चंदन यादव समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।