मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ में नवनिर्वाचित पार्षदों और मेयर का शपथ ग्रहण समारोह चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नव प्रेक्षागृह में चल रहा था. शपथ ग्रहण समारोह के बीच ही BJP और AIMIM के पार्षदों ने आपस में झगड़ना शुरू कर दिया. झगड़ा इतना बढ़ गया कि नौबत मार-पीट तक आ गई. जिसके बाद आला अधिकारियों ने मौके पर हालात को संभालाते हुए पार्षदों को सभा स्थल से बाहर निकाला.

मिली जानकारी के अनुसार मामला वंदे मातरम् गाने को लेकर शुरू हुआ. BJP के पार्षदों ने आरोप लगाया कि जब शपथ समारोह में वंदे मातरम् गाया जा रहा था, उस दौरान पार्षदों ने इसका विरोध किया और अपनी जगह पर बैठे रह गए. AIMIM के पार्षदों की इस हरकत पर बीजेपी के सदस्यों ने नाराजगी जाहिर की. मामला धीरे-धीरे बढ़ने लगा और बात तू-तू, मैं-मैं तक आ गई. दोनों पार्टी के सदस्यों के बीच तनाव बढ़ता गया और नौबत मारपीट तक पहुंच गई. इसके बाद प्रशासन को बीच बचाव के लिए आना पड़ा.