वैश्विक आयोजन को कांग्रेस ने बनाया गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा : पीएम मोदी
- Post By Admin on Feb 22 2026
मेरठ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया एआई इंपैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक वैश्विक आयोजन को गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश के सम्मान से जुड़े कार्यक्रम की मर्यादा भंग की।
मेरठ में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने करीब 12,930 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने नमो भारत आरआरटीएस और संपूर्ण दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को देश को समर्पित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एक ओर देश विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है, वहीं कुछ राजनीतिक दल भारत की उपलब्धियों को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में भारत में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उनके अनुसार, यह विकासशील देशों के लिए एक ऐतिहासिक सम्मेलन था, जिस पर पूरे देश को गर्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस अवसर को राजनीतिक विरोध का मंच बना दिया और विदेशी मेहमानों के सामने अनुचित आचरण किया।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी दल विशेष का नहीं, बल्कि देश के सम्मान से जुड़ा कार्यक्रम था। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी वैचारिक रूप से दिवालिया हो चुकी है और देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का काम कर रही है।
प्रधानमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि संसद में कांग्रेस अपने सहयोगी दलों को बोलने का अवसर नहीं देती और कार्यवाही बाधित करती है, जिससे सहयोगी दलों को भी नुकसान होता है। उन्होंने दावा किया कि एआई समिट की घटना के बाद सहयोगी दलों ने भी कांग्रेस के रवैये से दूरी बनाई है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की जनता ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी और कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देशहित सर्वोपरि होना चाहिए और वैश्विक मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा बनाए रखना सभी दलों की जिम्मेदारी है।