सदर अस्पताल में सुचारू होंगी आईसीयू और आपातकालीन सेवाएं, छह स्वास्थ्यकर्मी प्रतिनियुक्त

  • Post By Admin on Aug 12 2026
सदर अस्पताल में सुचारू होंगी आईसीयू और आपातकालीन सेवाएं, छह स्वास्थ्यकर्मी प्रतिनियुक्त

लखीसराय : सदर अस्पताल के दुर्घटना एवं आपातकालीन विभाग तथा आईसीयू प्रभाग में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। अस्पताल में नर्सों की कमी को दूर करने के लिए जिला स्वास्थ्य समिति ने जिले के क्षेत्रीय स्वास्थ्य संस्थानों से छह चिकित्साकर्मियों को सदर अस्पताल में प्रतिनियुक्त करने का आदेश जारी किया है। यह आदेश जिला पदाधिकारी सह जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार द्वारा 11 अगस्त 2026 को जारी किया गया।

सदर अस्पताल में मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में उद्घाटन किए गए आईसीयू और दुर्घटना आपातकालीन प्रभाग को सुचारू रूप से चलाने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की आवश्यकता थी। डीएम के निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि अस्पताल में ग्रेड ए श्रेणी की नर्सों के कुल 55 स्वीकृत पदों के मुकाबले केवल 48 पद ही भरे हुए हैं। इसके चलते एक-एक नर्स को दो-दो प्रभागों की जिम्मेदारी संभालनी पड़ रही थी। आईसीयू और इमरजेंसी सेवाओं के लिए कम से कम छह अतिरिक्त नर्सों की सख्त जरूरत महसूस की जा रही थी।

मरीजों की सुविधा और लोकहित को देखते हुए कछियाना अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से स्टाफ नर्स नंदनी कुमारी, प्रतापपुर बड़हिया से प्रीती कुमारी और गेरूआ पुरसंडा हलसी से पुष्पा कुमारी तथा सत्यनारायण पातिलया को सदर अस्पताल के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है। इनके अलावा तेतरहट रामगढ़चौक से सीएचओ प्रीती सिन्हा और सिरखिण्डी हलसी आयुष्मान आरोग्य मंदिर से सीएचओ अविनाश कुमार सुधांशु को भी सदर अस्पताल भेजा गया है।

प्रशासन ने संबंधित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे प्रतिनियुक्त सभी नर्सों और सीएचओ को तुरंत प्रभाव से विरमित करें ताकि वे बिना किसी देरी के सदर अस्पताल में योगदान दे सकें। इस आदेश की प्रतिलिपि मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी लखीसराय, मुंगेर प्रमंडल के स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्रीय अपर निदेशक, आयुक्त, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक, स्वास्थ्य सचिव और मुख्य सचिव के विशेष कार्य पदाधिकारी को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।