सुदूर और दियारा क्षेत्रों के मरीजों को राहत: लखीसराय के 6 एपीएचसी में एक्स-रे मशीनें लगाने की तैयारी
- Post By Admin on Aug 12 2026
लखीसराय : जिले के दूरस्थ, जनजातीय, टाल और दियारा क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को जल्द ही बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने जा रही हैं। जिला स्वास्थ्य समिति, लखीसराय ने जिले के छह अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पोर्टेबल एक्स-रे मशीन और एक्स-रे टेक्नीशियन उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार को औपचारिक प्रस्ताव भेजा है।
जिलाधिकारी सह जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार द्वारा सचिव, स्वास्थ्य विभाग को भेजे गए पत्र (पत्रांक 1076, दिनांक 11 अगस्त 2026) में स्पष्ट किया गया है कि ये सभी छह केंद्र प्रखंड मुख्यालय से काफी दूर और दुर्गम भौगोलिक क्षेत्रों में स्थित हैं। इस वजह से स्थानीय लोगों को सामान्य एक्स-रे जांच के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जिलाधिकारी ने पत्र में बताया कि पीपीपी मोड के तहत जिले में आयुष्मान आरोग्य मंदिर से लेकर सदर अस्पताल तक पैथोलॉजी और बायोकेमिकल्स आधारित जांच की व्यवस्था पहले ही सुचारू रूप से चल रही है। इन छह केंद्रों पर पोर्टेबल एक्स-रे की सुविधा शुरू हो जाने से ग्रामीण इलाकों में सामान्य स्वास्थ्य जांच की जरूरतें पूरी तरह से स्थानीय स्तर पर ही पूरी हो सकेंगी।
प्रस्ताव में शामिल किए गए छह केंद्रों में सूर्यगढ़ा प्रखंड का अभयपुर केंद्र है जो प्रखंड मुख्यालय से 25 किमी दूर जनजातीय क्षेत्र के समीप है। सूर्यगढ़ा का ही घोसैठ केंद्र 18 किमी दूर जनजातीय बहुल क्षेत्र में है, जबकि कजरा केंद्र 10 किमी दूर स्थित है। इसके अलावा बड़हिया प्रखंड का पाली केंद्र 13 किमी दूर टाल क्षेत्र में और खुटहा केंद्र 12 किमी दूर दियारा क्षेत्र में अवस्थित है। हलसी प्रखंड का गरूआ-पुरसंडा केंद्र भी प्रखंड मुख्यालय से 12 किमी दूर अत्यंत दूरस्थ क्षेत्र में स्थित है।
जिला प्रशासन ने राज्य सरकार से जल्द से जल्द एक्स-रे मशीनें और आवश्यक तकनीकी स्टाफ उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, ताकि दूर-दराज के मरीजों को छोटी-मोटी जांचों के लिए बड़े शहरों या प्रखंड मुख्यालय के चक्कर न काटने पड़ें। इस प्रस्ताव की प्रतिलिपि असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, क्षेत्रीय अपर निदेशक, आयुक्त, कार्यपालक निदेशक और मुख्य सचिव के विशेष कार्य पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना हेतु भेज दी गई है।