लखीसराय: समाहरणालय स्थित सभागार में सोमवार, 23 नवंबर 2026 को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित मामलों, सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लंबित कार्यों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में प्री-CFMS के अंतर्गत एसी बिल के विरुद्ध लंबित डीसी बिलों की समीक्षा की गई। जिला योजना कार्यालय, जिला सहकारिता कार्यालय, शिक्षा कार्यालय सहित अन्य संबंधित कार्यालयों में लंबित उपयोगिता प्रमाण पत्रों और विपत्रों का शीघ्र समायोजन करने को कहा गया। वहीं, पोस्ट-CFMS के अंतर्गत लंबित डीसी बिलों की भी समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जन शिकायतों की समीक्षा में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर 232 और आयुक्त स्तर पर 220 मामले लंबित पाए गए। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। जिला सामान्य शाखा से संबंधित जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए अंचलों को भेजे गए आवेदनों की लंबित स्थिति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सभी अंचलाधिकारियों को सत्यापन कार्य शीघ्र पूरा कर प्रमाण पत्र निर्गत करने का निर्देश दिया। इसके अलावा MJC/CWJC से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई और समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने ब्लड बैंक में लैब टेक्नीशियन की प्रतिनियुक्ति करने तथा सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। सहयोग शिविर से प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में राशन कार्ड निर्माण, पीएनजी से संबंधित कार्यों और विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति की समीक्षा करते हुए नियमित निगरानी एवं प्रभावी अनुश्रवण का निर्देश दिया गया।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डीएम ने जिले में गर्भवती महिलाओं की कुल संख्या से संबंधित प्रतिवेदन प्रतिदिन उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक गर्भवती महिला का नियमित ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन सहित सभी आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी, समय पर उपचार और सुरक्षित प्रसव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने चेतावनी दी कि मातृ मृत्यु की किसी भी घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसी घटनाओं में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों और पदाधिकारियों की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने, लंबित मामलों को प्राथमिकता देने और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आम लोगों तक समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, सिविल सर्जन जेपी सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, प्रभारी पदाधिकारी विकास शाखा नीरज आनंद, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















