मुजफ्फरपुर: जिले के मिठनपुरा स्थित लाला मोहल्ले में 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य की जमीन के म्यूटेशन को लेकर नया मामला सामने आया है। इस प्रकरण में मुशहरी के निलंबित अंचलाधिकारी महेंद्र शुक्ला, राजस्व अधिकारी करुण करण और अन्य लोगों के खिलाफ नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिकायतकर्ता पंकज कुमार का आरोप है कि 3.2 डिसमिल के विवादित प्लॉट का दाखिल-खारिज उस समय कराया गया, जब जमीन से संबंधित बंटवारा वाद सिविल कोर्ट में लंबित था और डीसीएलआर के यहां अपील भी विचाराधीन थी।शिकायत के अनुसार, पहले इसी जमीन के म्यूटेशन आवेदन को न्यायालय में मामला लंबित होने के आधार पर निरस्त किया गया था। इसके बावजूद बाद में अप्रैल महीने में तत्कालीन CO और RO की भूमिका पर सवाल उठाते हुए दोबारा म्यूटेशन किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि जिलाधिकारी को भेजी गई रिपोर्ट में वास्तविक स्थिति छिपाई गई। नगर थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने FIR दर्ज कर जांच शुरू किए जाने की पुष्टि की है। हालांकि, आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
















