मुजफ्फरपुर: सदर अस्पताल के मातृ-शिशु अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की अनुपलब्धता के कारण एक गर्भवती महिला को करीब पांच घंटे तक प्रसव पीड़ा से जूझना पड़ा। चिकित्सकों ने महिला को तत्काल ऑपरेशन की सलाह दी थी, लेकिन ड्यूटी पर तैनात एनेस्थेटिक के समय पर नहीं पहुंचने से ऑपरेशन में देरी हुई।

रिपोर्ट के अनुसार, मेनका नाम की गर्भवती को प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला की जांच के बाद चिकित्सक डॉ. प्रेरणा सिंह ने ऑपरेशन की जरूरत बताई। इसके बाद एनेस्थेटिक की तलाश शुरू हुई। जिस विशेषज्ञ की ड्यूटी थी, वह अस्पताल नहीं पहुंचे। उनसे संपर्क किए जाने के बावजूद आने को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं मिला। महिला की स्थिति बिगड़ने लगी और परिजन भी परेशान हो गए। इसके बाद अस्पताल में उपलब्ध दूसरे एनेस्थेटिक डॉ. निगम को बुलाया गया। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर महिला को एनेस्थीसिया दिया और शाम करीब सात बजे ऑपरेशन किया। चिकित्सक के अनुसार, ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति बेहतर थी।

इसी अस्पताल में एक अन्य गर्भवती महिला सुनैना देवी को भी एनेस्थेटिस्ट उपलब्ध नहीं होने के कारण परेशानी हुई। वह जुड़वां बच्चों के प्रसव के लिए अस्पताल पहुंची थीं। ऑपरेशन की सलाह मिलने के बावजूद विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं होने पर परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर चले गए।

सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार ने कहा कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने सदर अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और ड्यूटी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

•खबर में दी गई तस्वीर सांकेतिक है।