मुजफ्फरपुर : नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की सोमवार को होने वाली बैठक को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मेयर निर्मला साहू और समिति के सात असंतुष्ट सदस्यों के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। करीब 13 दिनों से चल रही खींचतान के बाद दोनों पक्ष बैठक में आमने-सामने होंगे।
राजीव पंकू के नेतृत्व में सात सदस्य मेयर के प्रस्तावित एजेंडे को बहुमत से गिराने और अपने जनहित से जुड़े प्रस्तावों को पारित कराने की तैयारी में हैं। सदस्यों ने नगर आयुक्त को पत्र देकर अपने प्रस्तावों को बैठक की कार्यसूची में शामिल करने की मांग की है। इससे पहले 19 नवंबर को समिति के सभी सात सदस्यों के बहिष्कार के कारण बैठक स्थगित करनी पड़ी थी। बागी सदस्यों का आरोप है कि विकास योजनाओं और वार्डों से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता नहीं दी जा रही है।
आज की बैठक में एजेंडे पर चर्चा के दौरान मतदान की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में यह बैठक केवल औपचारिक प्रशासनिक बैठक नहीं, बल्कि नगर निगम के भीतर राजनीतिक शक्ति-संतुलन की परीक्षा भी बन सकती है।
















