मुजफ्फरपुर : जिले के कांटी विधानसभा क्षेत्र में दामोदरपुर ईदगाह चौक से बैरिया रेलवे गुमटी तक जर्जर सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद सोमवार को विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने इसका उद्घाटन किया। सड़क निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। उद्घाटन के मौके पर स्थानीय लोगों ने विधायक का फूल-माला और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।

विधायक अजीत कुमार ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से जर्जर स्थिति में थी। बारिश के दिनों में जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्कूली बच्चों, व्यवसायियों और आम राहगीरों को आवागमन में कठिनाई होती थी। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए सड़क निर्माण की पहल की गई। उन्होंने बताया कि यह सड़क मुजफ्फरपुर-देवरिया मुख्य मार्ग से जुड़ती है और आसपास के कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क बन जाने से लोगों को आवागमन के साथ-साथ शिक्षा, व्यापार और रोजमर्रा की गतिविधियों में भी सहूलियत मिलेगी।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सड़क का निर्माण ग्रामीण कार्य विभाग पश्चिमी के तहत कराया गया है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की लगातार मॉनीटरिंग की जा रही थी।मौके पर इरफान अहमद दिलकश, रमेश शर्मा, राकेश कुमार, मनीष कुमार, संजय सिंह, संतोष ठाकुर, सुरेश चौधरी, गौतम गुप्ता, राज किशोर साह, जुनैद हसन, राजीव ठाकुर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।