लखीसराय: किऊल रेलवे स्टेशन पर यात्री का मोबाइल लेकर भागने के आरोप में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से रियलमी कंपनी का एक मोबाइल बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत 23 नवंबर 2026 को की गई।

रेलवे सुरक्षा बल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक मदन मोहन सिंह और अन्य जवान यात्रियों के सामान की चोरी रोकने के लिए किऊल स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर एक युवक तेजी से भागता दिखाई दिया। संदेह होने पर मौके पर मौजूद RPF कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान राजा कुमार (20 वर्ष), पिता नंद किशोर प्रसाद, निवासी खुशरूपुर, वार्ड संख्या-04, जिला पटना के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से रियलमी कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया। RPF की रिपोर्ट के मुताबिक, युवक को सुबह करीब 10:10 बजे गिरफ्तारी का कारण बताते हुए गिरफ्तार किया गया। प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि युवक ने मोबाइल लेकर भागने की बात स्वीकार की है। सहायक उपनिरीक्षक मदन मोहन सिंह के लिखित प्रतिवेदन के आधार पर राजकीय रेल पुलिस (GRP), किऊल में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई GRP द्वारा की जाएगी।