मुजफ्फरपुर: विश्व दर्शन दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार, 23 नवंबर 2026 को रामदयालु सिंह महाविद्यालय के स्नातकोत्तर दर्शनशास्त्र विभाग एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के संयुक्त तत्वावधान में एकदिवसीय व्याख्यान आयोजित किया गया। “भारतीय दर्शन की वैश्विक दृष्टि और नैतिक चेतना” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में लंगट सिंह महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर के दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शशि भूषण कुमार ने की।

कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन और अतिथियों के सम्मान के साथ हुआ। अर्थशास्त्र की प्रोफेसर डॉ. श्रुति ने उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। इसके बाद दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अनुराधा पाठक ने विषय प्रवेश कर भारतीय दर्शन की समृद्ध परंपरा और उसकी वैश्विक दृष्टि के नैतिक आयामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने व्यक्ति के गरिमामय अस्तित्व, व्यक्ति और समुदाय के संबंध तथा प्रकृति के साथ मनुष्य के सह-अस्तित्व जैसी अवधारणाओं को रेखांकित करते हुए भारतीय दर्शन की समकालीन प्रासंगिकता बताई। मुख्य वक्ता डॉ. विजय कुमार ने कहा कि भारतीय दर्शन केवल जीवन और संसार के रहस्यों को समझने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानवीय मूल्यों, नैतिकता और विश्व कल्याण की भावना विकसित करने का मार्ग भी है। उन्होंने ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ को भारतीय दर्शन की वैश्विक दृष्टि का आधार बताते हुए विद्यार्थियों से इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

डॉ. विजय कुमार ने जैन दर्शन की आचार मीमांसा, अनंत चतुष्टय, अनेकांतवाद और स्याद्वाद की अवधारणाओं को सरल भाषा और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने निष्काम कर्म और लोकसंग्रह जैसे सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये विचार केवल भारतीय संस्कृति की पहचान नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय दर्शन के नैतिक सिद्धांतों के पीछे मनुष्य को नैतिक रूप से संस्कारित करने की भावना रही है। ऐसी ही कल्याणकारी संकल्पनाएं वैश्विक स्वरूप ग्रहण कर सकती हैं। अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शशि भूषण कुमार ने वर्तमान समय में बढ़ती सामाजिक असहिष्णुता, नैतिक मूल्यों में गिरावट और मानवीय संवेदनाओं की कमी के संदर्भ में भारतीय दर्शन की प्रासंगिकता पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से दर्शन को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखने और उसके मूल्यों को अपने जीवन एवं व्यवहार में उतारने की अपील की।

कार्यक्रम में हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. रमेश कुमार गुप्ता, अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. आर. एन. ओझा और इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. एम. एन. रिजवी ने भी भारतीय दर्शन की प्रासंगिकता तथा नैतिक मूल्यों पर अपने विचार रखे। इसके बाद प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें इतिहास विभाग के डॉ. अजमत अली के साथ छात्र सन्नी कुमार, आज्ञा कुमारी सहित अन्य विद्यार्थियों ने मुख्य वक्ता से सवाल किए। डॉ. विजय कुमार ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए तार्किक चिंतन और स्वतंत्र विचार के महत्व को रेखांकित किया। उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ. हसन रजा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। व्याख्यान का संचालन दर्शनशास्त्र की सहायक प्राध्यापिका डॉ. स्नेहलता ने किया। इस अवसर पर डॉ. नीरज कुमार, डॉ. नियाज़, डॉ. विकास कुमार, डॉ. आएशा, डॉ. सुमनलता, डॉ. आरती, डॉ. ललित किशोर सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।