लखीसराय: जिले के चानन प्रखंड अंतर्गत कुंदर में 23 नवंबर 2026 को पर्यावरण भारती की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूज्य पिता स्वर्गीय भागवत शाण्डिल्य और महान वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बोस के पुण्य स्मरण में देव वृक्ष पीपल के चार तथा औषधीय वृक्ष नीम का एक पौधा लगाया गया। पौधारोपण का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी दयानंद शर्मा ने किया, जबकि संजीत कुमार यादव ने सहयोग किया।

पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक और अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली के सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पूर्वजों के पुण्य स्मरण में पीपल जैसे देव वृक्ष का पौधारोपण करना स्मरणीय कार्य है। उन्होंने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय भागवत शाण्डिल्य किसान थे और प्रकृति के प्रति विशेष लगाव रखते थे। बचपन में पिता की प्रेरणा से ही उनमें पौधारोपण के प्रति रुचि विकसित हुई। अब वे पर्यावरण संरक्षण के लिए स्वयं पौधारोपण करने के साथ बच्चों, युवाओं और समाज के अन्य लोगों को भी इस अभियान से जोड़ रहे हैं।

राम बिलास शाण्डिल्य के अनुसार, वर्ष 2008 में पर्यावरण भारती की स्थापना पौधारोपण अभियान के उद्देश्य से की गई थी। संस्था का दावा है कि बिना सरकारी सहयोग के अब तक 1,26,173 पौधे लगाए जा चुके हैं, जिनमें से 80 प्रतिशत पौधे सुरक्षित हैं, जबकि 20 प्रतिशत नष्ट हुए हैं। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी रक्षा करना मानवता की रक्षा के समान है। उन्होंने लोगों से पौधारोपण करने, वृक्षों को कटने से बचाने और धरती को हरा-भरा बनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा। उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं के प्रति आगाह करते हुए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता बताई।

पर्यावरणविद शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने महान वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बोस के जीवन और वनस्पति विज्ञान में उनके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जगदीश चंद्र बोस का निधन 23 नवंबर 1937 को हुआ था। उनका जन्म 30 नवंबर 1858 को बंगाल में हुआ था। उनके पिता भगवान चंद्र बोस और माता बालासुंदरी देवी थीं। सिद्धार्थ कुमार के अनुसार, बचपन में उनकी माता ने उन्हें पेड़-पौधों के जीवन के प्रति संवेदनशील बनाया था। जगदीश चंद्र बोस ने वैज्ञानिक प्रयोगों के माध्यम से यह सिद्ध किया था कि पौधे प्रकाश, तापमान और अन्य बाहरी परिस्थितियों के प्रति प्रतिक्रिया करते हैं। उन्होंने क्रेस्कोग्राफ नामक यंत्र का निर्माण किया, जिससे पौधों की अत्यंत सूक्ष्म वृद्धि को मापा जा सकता है। 30 नवंबर 1917 को उन्होंने कोलकाता में अनुसंधान के लिए बोस विज्ञान मंदिर की स्थापना की। वर्ष 1917 में ब्रिटिश सरकार ने उन्हें नाइट की उपाधि दी और 1920 में वे रॉयल सोसाइटी के फेलो चुने गए। उनका जीवन प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा देता है। पौधारोपण कार्यक्रम में दयानंद शर्मा, संजीत कुमार यादव, विजय कुमार, रामदेव दास, सिद्धार्थ कुमार, उत्कर्ष कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, हिमांशु, सूर्यवंशी, मयंक, शिवम, रणवीर सिंह और शंकर साह सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।