लखीसराय : मातृ मृत्यु दर में कमी लाने और गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को सदर अस्पताल के सभागार में जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सिविल सर्जन सह जिला स्वास्थ्य समिति के सचिव की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में मातृ मृत्यु निगरानी एवं प्रतिक्रिया प्रणाली तथा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के विभिन्न पहलुओं पर स्वास्थ्य कर्मियों को जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला स्वास्थ्य समिति के जिला योजना समन्वयक तथा पीरामल फाउंडेशन के जिला प्रबंधक ने प्रशिक्षक के रूप में भाग लिया। इस दौरान मातृ मृत्यु की रोकथाम, उसकी सूचना एवं समीक्षा की प्रक्रिया और गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशिक्षकों ने बताया कि गर्भावस्था, प्रसव या प्रसव के बाद निर्धारित अवधि में होने वाली प्रत्येक मातृ मृत्यु की पहचान, समय पर सूचना और निष्पक्ष समीक्षा जरूरी है। इससे मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने में मदद मिलती है। प्रशिक्षण में जिले में होने वाली प्रत्येक मातृ मृत्यु की समय पर रिपोर्टिंग, संबंधित अभिलेखों का संधारण और गोपनीय तरीके से समीक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही मृत्यु के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष चिकित्सीय कारणों की पहचान, प्रसव पूर्व और प्रसव के दौरान मिली स्वास्थ्य सेवाओं का आकलन तथा प्रसव के बाद उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा करने की जानकारी दी गई।

इस दौरान रेफरल में देरी, उपचार शुरू होने में विलंब और स्वास्थ्य संस्थान तक पहुंचने में आने वाली कठिनाइयों जैसे कारणों की पहचान करने पर भी चर्चा हुई। प्रशिक्षकों ने स्पष्ट किया कि मातृ मृत्यु की समीक्षा का उद्देश्य किसी स्वास्थ्य कर्मी को दोषी ठहराना नहीं, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था की कमियों को पहचानकर उनमें सुधार करना है। इसके आधार पर जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने और संबंधित संस्थानों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई गई।

उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था के प्रबंधन को भी प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया। प्रशिक्षकों ने कहा कि गर्भवती महिलाओं में जोखिम के लक्षणों की समय रहते पहचान कर मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सकता है। इसके लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की अलग सूची तैयार करने, उनका लगातार फॉलोअप करने और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श कराने पर बल दिया गया। साथ ही सुरक्षित प्रसव के लिए पहले से आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने की बात कही गई। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच और सुरक्षित मातृत्व सेवाएं उपलब्ध कराने के महत्व पर भी जानकारी दी गई।