लखीसराय: समाहरणालय में सोमवार, 23 नवंबर 2026 को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में नगर निकायों के क्षेत्र विस्तार, नगर पालिका क्षेत्र के गठन एवं नगर निकायों के उत्क्रमण को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित पदाधिकारियों के साथ प्रस्तावित नगर निकायों के विस्तार और गठन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
जिला पदाधिकारी ने नगर निकायों के क्षेत्र विस्तार एवं उत्क्रमण की प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों और प्रावधानों के अनुरूप पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक अभिलेखों, भौगोलिक स्थिति और निर्धारित मानकों का समुचित अध्ययन कर प्रस्ताव तैयार करने तथा सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में आगामी ठंड के मौसम में संभावित शीतलहर और पाला से बचाव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से गरीब, असहाय, निराश्रित, बुजुर्गों और खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को ठंड से सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने पर जोर दिया। डीएम ने सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने, जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण और रैन बसेरों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ठंड से प्रभावित लोगों को जरूरत के अनुसार समय पर सहायता मिलनी चाहिए। इसके साथ ही कृषि विभाग को पाला से फसलों को होने वाले संभावित नुकसान के प्रति किसानों को जागरूक करने और उन्हें आवश्यक कृषि परामर्श उपलब्ध कराने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने और शीतलहर एवं पाला से बचाव के उपायों को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, सिविल सर्जन जेपी सिंह और नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















