लखीसराय: धान अधिप्राप्ति वर्ष 2026-27 से जुड़ी छह सूत्री मांगों को लेकर जिला पैक्स अध्यक्ष संघ, लखीसराय ने 27 नवंबर को पटना में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। यह प्रदर्शन शुक्रवार को सुबह 11 बजे से शास्त्रीनगर स्थित ऊर्जा भवन (डीएनएस के सामने) पर आयोजित होगा। संघ के अध्यक्ष दिगम कुमार ने जिले के सभी पैक्स अध्यक्षों, किसानों और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।
दिगम कुमार ने कहा कि यह आंदोलन केवल पैक्स अध्यक्षों की मांगों तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों और सहकारिता व्यवस्था के हितों से भी जुड़ा है। उन्होंने कहा कि धान अधिप्राप्ति के दौरान पैक्स को कई तरह की आर्थिक और प्रशासनिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। सरकार को इन समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे पैक्स पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े और किसानों से धान की खरीद सुचारु रूप से हो सके।
संघ की प्रमुख मांगों में भारतीय खाद्य निगम की ओर से कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) के भुगतान में देरी के कारण पैक्स पर लगने वाले अतिरिक्त ब्याज से राहत देना शामिल है। इसके अलावा धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य कुल उत्पादन का कम से कम 60 प्रतिशत निर्धारित करने, पैक्स, व्यापार मंडल, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक और एसएफसी के बीच त्रिपक्षीय एकरारनामा कराने तथा पैक्स को ब्याज के अधिभार से मुक्त रखने के लिए नीतिगत व्यवस्था बनाने की मांग की गई है। संघ ने मिल टैगिंग की प्रक्रिया में पैक्स को स्वायत्तता और सहमति का अधिकार देने पर भी जोर दिया है। साथ ही प्रबंधकीय अनुदान को बढ़ाकर 60 रुपये प्रति क्विंटल और गनी बैग मद में 75 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग रखी गई है। संघ का कहना है कि इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने से पैक्स को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया अधिक सुचारु हो सकेगी। इसी उद्देश्य से संघ ने जिले के पैक्स अध्यक्षों, किसानों और सहकारिता से जुड़े लोगों से एकजुट होकर पटना पहुंचने की अपील की है। आंदोलन के लिए संघ ने “किसानों की आवाज, हमारी मांग” का नारा दिया है।
















